मेरठ सिटी रेलवे स्टेशन अधीक्षक को पत्र लिखकर मेरठ सहित नौ रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। अधीक्षक को मंगलवार को धमकी भरा पत्र मिलने के बाद स्टेशन पर हड़कंप मच गया। रेलवे पुलिस के पुलिस उपाधीक्षक सुदेश कुमार गुप्ता ने इसकी पुष्टि करते हुए बुधवार को बताया कि मेरठ सिटी रेलवे स्टेशन अधीक्षक के कार्यालय को मंगलवार को इस तरह का पत्र मिला है, जिसके बाद मेरठ सिटी स्टेशन के अलावा कैंट स्टेशन, परतापुर स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया गया है।
अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 505/2 के तहत मामला दर्ज किया गया
गुप्ता ने बताया कि इस मामले में मेरठ सिटी रेलवे स्टेशन स्थित थाना जीआरपी में अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 505/2 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह किसी की शरारत लग रही है। ऐसा ही एक पत्र 30 अक्टूबर को हापुड़ रेलवे स्टेशन अधीक्षक कार्यालय को भी मिला था,जिसके बाद स्टेशन परिसर में सघन जांच अभियान चलाया गया था।
पत्र में इन रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है
इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक आरपी सिंह ने बताया कि डाककर्मी एक पत्र लेकर कार्यालय आया। पत्र में रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस पत्र में मेरठ समेत गाजियाबाद, हापुड़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, खुर्जा, कानपुर, लखनऊ, शाहजहांपुर सहित कई रेलवे स्टेशनों के अलावा छह दिसंबर को अयोध्या के हनुमानगढ़ी, रामजन्मभूमि, इलाहाबाद, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर समेत उत्तर प्रदेश के कई मंदिरों को बम से उड़ाने की भी धमकी दी गई है। मेरठ में मुख्यमंत्री के बृहस्पतिवार के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने चौकसी बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक (शहर) विनीत भटनागर ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर अतिरिक्त सुरक्षा बरती जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



