उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के उदयपुर क्षेत्र में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में दो सगे भाई और उनके मामा हैं। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं मामले में एसपी ने उदयपुर के थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश द्विवेदी ने कहा , ‘‘30 और 31 मार्च की दरमियानी रात दिलीप कोरी (48), उसके भाई प्रदीप कोरी (35) मामा सिद्धनाथ (65) और धर्मेन्द्र (45) ने कथित तौर पर शराब पी थी। रात में उनकी तबीयत खराब होने पर उपचार के लिए उन्हें स्थानीय चिकित्सालय ले जाया गया ,जहां चिकित्सकों ने दिलीप, प्रदीप और सिद्धनाथ को मृत घोषित कर दिया।’’
उन्होंने बताया कि धर्मेन्द्र का इलाज अमेठी के एक निजी चिकित्सालय में चल रहा है। तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के उचित कारण का पता चल पाएगा। हालांकि मामले में जांच के आदेश दे दिए गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



