उत्तर प्रदेश में वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में सभी पार्टियां जुटी हुई हैं, एक तरफ काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के जरिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हिंदू कार्ड के साथ-साथ पूर्वांचल को साधने की कोशिश की हैं। वहीं दूसरी तरह विपक्षी नेता अखिलेश यादव इन दिनों समाजवादी विजय यात्रा निकाल रहे हैं, इस यात्रा के जरिए अपने मतदाताओं को एकजुट करने की कोशिश कर रहे हैं।
आज जौनपुर पहुंचेंगे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव
बता दें कि उनकी 2 दिवसीय विजय रथ यात्रा मंगलवार 14 दिसंबर को जौनपुर जाएगी।अखिलेश यादव की धमार्पुर में एक जनसभा होगी। उनकी विजय यात्रा जौनपुर से धमार्पुर होकर केराकत जाएगी। अखिलेश यादव 14 दिसंबर को 2 दिवसीय दौरे पर जनपद आ रहे हैं। वह विजय रथ यात्रा के साथ सभी विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगे। पहले दिन वह 2 स्थानों और दूसरे दिन 4 स्थानों पर सभा को संबोधित करेंगे।
जानिए क्या हैं आज का टाइम टेबल
सपा से मिली जानकारी के अनुसार, अखिलेश यादव हैलीकॉप्टर से आज पुलिस लाइन पहुंचेंगे। इसके वह जफराबाद विधानसभा क्षेत्र के धमार्पुर में सभा करेंगे। उनका सदर विधानसभा क्षेत्र के कुत्तूपुर चौराहा (बाईपास पर) पर स्वागत किया जाएगा। यहां से निकलकर मल्हनी बाजार पहुंचेंगे। जहां सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद अपराह्न् तीन बजे जमुनिया में सभा करेंगे। वहां से वह जिला मुख्यालय आएंगे और गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।
12 अक्टूबर से शुरू हुई थी विजयरथ यात्रा
रथयात्रा की शुरुआत 12 अक्टूबर को कानपुर से हुई थी। यह यात्रा कानपुर से हमीरपुर गई थी। इस यात्रा के जरिए अखिलेश कानपुर नगर, कानपुर देहात, जालौन व हमीरपुर जिले गए थे। एक से तीन दिसंबर को उनकी रथ यात्रा बुंदेलखंड में बांदा से महोबा, ललितपुर व झांसी में निकल चुकी है। अखिलेश का विजय रथ पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के जरिए गाजीपुर से लखनऊ तक आ चुका है। अब छठे चरण की विजय रथ यात्रा के जरिए 14 व 15 दिसंबर को अखिलेश जौनपुर जा रहे हैं।
पूर्वांचल का किला मजबूत करने में जुटी सपा
पूर्वांचल का अपना किला मजबूत करने में जुटे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार दूसरी पार्टी के बड़े नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल करा रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को भी सपा अध्यक्ष ने गोरखपुर के कद्दावर नेता हरिशंकर तिवारी के बेटे विनय शंकर तिवारी व भीष्म शंकर तिवारी को अपनी पार्टी में शामिल कराया। विनय इस समय चिल्लूपार सीट से विधायक हैं। उनके साथ विधान परिषद के पूर्व सभापति गणेश शंकर पाण्डेय भी साइकिल पर सवार हुए हैं।
जानिए क्यों महत्वपूर्ण है जौनपुर?
अखिलेश यादव के जौनपुर कार्यक्रम का प्रभाव सभी विधानसभा सीट पर पड़ेगा। वर्तमान में 9 सीट में से 3 सीट सपा के खाते में। शाहगंज के ललई यादव और मछलीशहर में जगदीश सोनकर ने 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा ने जीत हासिल की थी। 2019 में मल्हनी विधानसभा में हुए उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के लकी यादव ने चुनाव जीत था। इससे पहले 2012 के विधानसभा चुनाव में सपा के पास 7 सीट थी। अखिलेश को लगता है कि उनके यहां आने से कई सीट पर समीकरण बदलने के आसार हैं।


Download Android App
Download iOS App



