यूपी चुनाव : मुकेश साहनी ने BJP पर साधा निशाना, कहा- भाजपा को सत्‍ता से बेदखल करना हमारा प्रमुख लक्ष्य

Summary :

विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष एवं मंत्री मुकेश साहनी ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल करना ही उनका प्रमुख लक्ष्‍य है।

उत्तर प्रदेश में चल रहे विधानसभा चुनाव के पांचवे चरण के मतदान के लिए आज शाम को प्रचार थम जाएगा। इस बीच विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष एवं मंत्री मुकेश साहनी ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल करना ही उनका प्रमुख लक्ष्‍य है। विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष साहनी ने जिला मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, हमारी लड़ाई दिल्ली से है, निषाद समुदाय को आरक्षण दिलाना ही हमारा प्रमुख लक्ष्य है।
मोदी और शाह हर चुनाव में वादा करते हैं और भूल जाते हैं :  मुकेश साहनी 
मुकेश साहनी ने आरोप लगाया कि हर चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह वादा करते हैं तथा फिर चुनाव के बाद अपने वादे को भूल जाते हैं। साहनी ने कहा, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जब हम योगी सरकार को सत्ता से बेदखल कर देंगे तब भाजपा को अहसास होगा कि निषाद समुदाय भाजपा से कट चुका है। उन्‍होंने कहा , इसके बाद मुझे विश्वास है कि भाजपा 2024 के लोकसभा चुनाव के पहले निषाद समुदाय को आरक्षण देने के लिए विवश हो जायेगी। साथ ही उन्होंने चेतावनी भी दी कि अगर भाजपा ने निषाद समुदाय को आरक्षण नहीं दिया तो 2024 के लोकसभा चुनाव में भी पार्टी का विरोध किया जाएगा।
24 सीटों पर जीत का किया दावा 
एक सवाल के जवाब में मुकेश साहनी ने कहा, उत्तर प्रदेश में पांच महीने पहले ही हमारी पार्टी सामने आई है और हम मजबूती से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा   हमारी पार्टी ने 102 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए थे लेकिन चुनाव आयोग व सरकार ने बहुत सारी सीट पर हमारे उम्मीदवारों का नामांकन रद्द कर दिया और अब हम 55 – 56 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। साहनी ने 24 सीटों पर अपनी पार्टी की जीत का दावा किया।

Desk Team