यूपी चुनाव : SP ने EC से की शिकायत, कैराना में वोटर्स को डराकर बूथ से भगाने सहित उठाए कई मुद्दें

Summary :

पहले चरण की 58 सीटों पर मतदान सुबह सात बजे से जारी है और लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे है। पहले चरण में कुल 11 जिलों में शाम छह बजे तक वोटिंग होनी है

उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 58 सीटों पर मतदान सुबह सात बजे से जारी है और लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे है। पहले चरण में कुल 11 जिलों में शाम  छह बजे तक वोटिंग होनी है। ऐसे में खबरें  आ रही है कि कुछ केंद्रों पर ईवीएम में खराबी की वजह से वोटिंग में देरी हुई। प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत में पुलिस ने कोतवाली क्षेत्र के कोताना के जनता जूनियर हाई स्कूल में फर्जी वोट डालने पहुंचे युवक को गिरफ्तार कर लिया। इस बीच समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया है कि कैराना में कुछ बूथों पर गरीब वर्ग के वोटर्स को वोट नहीं डालने दिया जा रहा है। 
समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर परेशानी का उठाया मुद्दा 
समाजवादी पार्टी ने ट्वीट किया, ”शामली जिले की कैराना-8 विधानसभा के ग्राम डुंडुखेड़ा के बूथ संख्या 347,348,349,350 पर गरीब वर्ग के मतदाताओं को डरा धमका कर, वोट की लाइनों से हटा  वापस भेजा जा रहा है। तत्काल संज्ञान ले कार्रवाई कर सुचारू, भयमुक्त, निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करे चुनाव आयोग।” सपा ने इस ट्वीट में डीएम शामली और  चुनाव आयोग को टैग किया है।
 


इसके अलावा सपा ने ट्वीट कर कहा कि ‘मुजफ्फर नगर जिले की मुजफ्फर नगर -14 विधानसभा सीट की बूथ संख्या 7 पर ईवीएम मशीन खराब होने से मतदान बाधित है।’ 


इन बूथों का भी उठाया मुद्दा 

सपा ने ट्वीट कर शामली और मुजफ्फर नगर के अलावा अलीगढ़, हापुड़, आगरा, बुलंदशहर, मेरठ, जिलों में कई बूथों पर परेशानी का मुद्दा उठाया। इसके अलावा मुजफ्फरनगर जिले में मीरापुर विधानसभा के अंतर्गत मीरापुर कस्बे के प्राथमिक विद्यालय नंबर 3 में बने मतदान केंद्र के कमरा न.01 में बने बूथ पर तैनात एक मतदान कर्मचारी पर मतदाताओं को गठबंधन को वोट देने का दबाव बनाने का आरोप लगा है।

Desk Team