…..UP को कश्मीर, बंगाल और केरल बनते नहीं लगेगी देर! वोटिंग से ठीक पहले बोले CM योगी

Summary :

सीएम योगी ने कहा कि आज मुझे कोई चिंता है तो सिर्फ एक कि जिन-जिन दंगाइयों और आतंकियों पर अंकुश लगा है वे सब अब मचल रहे हैं। आतंकी बार-बार धमका रहे हैं कि जरा सरकार आने दीजिए।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के पहले चरण के लिए पश्चिमी यूपी में मतदान जारी है। मतदान से ठीक कुछ घंटों पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के लोगों के लिए एक वीडियो सन्देश जारी किया, जिसमें उन्होंने बीजेपी सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताते हुए वोटिंग की अपील की। 
एक बड़े निर्णय का समय
लगभग 6 मिनट के इस वीडियो में सीएम योगी ने कहा कि एक बड़े निर्णय का समय आ गया है। पिछले पांच सालों में बीजेपी की डबल इंजन की सरकार ने जो कुछ भी किया है, उसे सदा प्रतिबद्धता के साथ किया। जो कुछ भी कहा आपके भरोसे को कायम रखते हुए उसे निभाया है। 
उन्‍होंने कहा कि मुझे आपसे दिल की एक बात कहनी है। इन पांच वर्षों में बहुत कुछ हुआ। यूपी के सभी एक लाख गांवों में सभी घरों को 24 घंटे बिजली उपलब्‍ध कराई गई। कुछ लोग शायद कल्‍पना न कर पाएं कि इससे करोड़ों लोगों के जीवन में क्‍या बदलाव आया। 
चूके तो 5 साल की मेहनत पर फिर जाएगा पानी 
सीएम योगी ने कहा कि ‘आज मुझे कोई चिंता है तो सिर्फ एक कि जिन-जिन दंगाइयों और आतंकियों पर अंकुश लगा है वे सब अब मचल रहे हैं। आतंकी बार-बार धमका रहे हैं कि जरा सरकार आने दीजिए। सावधान रहिए, आप चूके तो पांच साल की मेहनत पर पानी फिर जाएगा और इस बार उत्‍तर प्रदेश को कश्‍मीर बंगाल और केरल बनते देर नहीं लगेगी। आपका वोट आने वाले वर्षों में आपके भयमुक्‍त जीवन की गारंटी भी बनेगा।’ 


उन्होंने कहा, कहा कि मैने अपने सभी निर्णय जाति, मत, मजहब, समुदाय, क्षेत्र या जिले के आधार पर भेदभाव किए बिना लिए। पांच साल आपने किसी घोटाले का आरोप नहीं सुना होगा। मैं एक योगी हूं। मेरे भगवे पर कोई दो पैसे के भ्रष्‍टाचार का दाग नहीं लगा सकता। लेकिन इस बात के लिए भी मैं आपसे वोट नहीं मांगूंगा, मुझे शोभा नहीं देता। मुझे सबसे बड़ा संतोष इस बात का है कि आज हमारा यूपी गुंडों, बदमाशों, दंगाइयों, उगाही गिरोहों, पेशेवर अपराधियों के आतंक से मुक्‍त है। 

 पलायन करने वाले हिंदू अपने घरों को लौट गए
सीएम योगी ने कहा, पलायन करने वाले हिंदू अपने घरों को लौट गए हैं। उन्‍हें प्रताड़ित करने वाले या तो जेलों में बंद हैं या फिर सहम के दुबक गए हैं। पुलिस भी बिना राजनीतिक हस्‍तक्षेप के काम करती है। कानून-व्‍यवस्‍था में हमारी बहन-बेटियों का भरोसा है। अराजकता एक बुरा सपना जैसी बात होकर रह गई है। अपने निर्दोष नागरिकों को भयमुक्‍त जीवन और सुरक्षित वातावरण देना किसी भी सरकार का प्राथमिक धर्म है। आप हमें और किस लिए चुनते हैं।
पिछली सरकारें जो 70 साल में नहीं कर पाईं वो हमने किया
सीएम ने कहा कि जिस काम को पिछली सरकारें 70 साल में नहीं कर पाईं वो हमने किया। हमने घर-घर में शौचालय बनवाए। स्‍वच्‍छता से भी अधिक यह माताओं-बहनों के सम्‍मान और उनकी गरिमा का प्रश्‍न था। लाखों लोग पक्‍के मकान में आ गए। अब तक धुएं वाले चूल्‍हे पर काम करने वाली हमारी माताएं-बहनें बार-बार बीमार होने से बचेंगी। 
उन्होंने कहा कि हम हर घर नल से पानी पहुंचा रहे हैं। एक कोने से दूसरे कोने तक एक्‍सप्रेस वे बिछा रहे हैं। प्रदेश भर में औद्योगिक कॉरीडोर बनाने की ओर बढ़ रहे हैं। दो साल से कोरोना महामारी से लोग जझ रहे हैं। हमने 15 करोड़ परिवारों तक राशन की डबल डोज हर महीने उपलब्‍ध कराई। प्रदेश के नागरिक स्‍वस्‍थ और समृद्ध रहें इसलिए हर जिले में मेडिकल कालेज बनाए जा रहे हैं। हर जिले में ऑक्‍सीजन के संयंत्र लगाए गए हैं। हमने पिछली सरकारों का रिकार्ड तोड़ा है। 

Desk Team