UP: श्री कल्कि महोत्सव का आगाज उत्तर प्रदेश के संभल में गुरुवार को 108 कुण्डीय शिलादान महायज्ञ के साथ होगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसमें कई नामी हस्तियों के शिरकत करने की उम्मीद है। श्री कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने आमंत्रण में कहा है कि भगवान श्री हरि विष्णु के दशम अवतार श्री कल्कि नारायण की अवतरण स्थली संभल तीर्थ क्षेत्र की पतित पावनी धरा पर परंपरागत श्री कल्कि महोत्सव- 2024 का दिव्य और भव्य आयोजन किया जा रहा है।
आस्था और श्रद्धा का महामहोत्सव
इसमें आगे कहा गया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर कमलों द्वारा ‘श्री कल्कि धाम’ के चिरप्रतीक्षित शिलान्यास के उपरान्त श्री कल्कि भक्तों का उत्साह अवर्णनीय है। आस्था और श्रद्धा के इस महामहोत्सव में श्री कल्कि धाम के निर्माण हेतु विशेष रूप से ‘शिलादान महायज्ञ’ का विशेष अनुष्ठान किया जा रहा है, जिसमें समस्त भक्तजन अपने अथवा अपने पूर्वजों के नाम की एक शिला का विधि विधान से पूजन करके ‘श्री कल्कि धाम’ के गर्भगृह में स्थापित करने का सौभाग्य प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही पवित्र शिलाओं पर अंकित सभी नाम सनातन के इतिहास में युग युगांतर तक अमर और अमिट रहेंगे।
7-11 नवंबर तक चलेगा कार्यक्रम
आमंत्रण पर कहा गया है कि विराट धार्मिक, आध्यात्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन ‘श्री कल्कि महोत्सव’ में आपका स्वागत है। आपकी गरिमामयी उपस्थिति इस महापर्व को और अधिक विराटता प्रदान करेगी। इसके अलावा कार्यक्रम के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई है। बताया गया है कि कार्यक्रम का आयोजन 7 नवंबर से 11 नवंबर 2024 चलेगा। इसके अलावा शिलादान महायज्ञ रोजाना सुबह सात बजे से नौ बजे तक होगा, साथ ही भक्ति सत्संग और संत दर्शन का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे रहेगा।
PM मोदी ने कल्कि धाम का किया था शिलान्यास
इतना ही नहीं, सांस्कृतिक संध्या का कार्यक्रम रोजाना शाम सात से राद 9.30 बजे के बीच आयोजित होगा। ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री मोदी ने इसी साल फरवरी में उत्तर प्रदेश के संभल जिले में स्थित श्री कल्कि धाम मंदिर का शिलान्यास किया था। इस दौरान उन्होंने श्री कल्कि धाम मंदिर के मॉडल का भी अनावरण किया। श्री कल्कि धाम का निर्माण श्री कल्कि धाम निर्माण ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है जिसके अध्यक्ष आचार्य प्रमोद कृष्णम हैं।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI‘ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



