यूपी में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामलों में निरंतर आ रही गिरावट: योगी सरकार

Summary :

उत्तर प्रदेश में सरकारी आंकड़ों के मुताबिक कोविड-19 के नए मामलों में लगातार गिरावट आ रही है। 24 अप्रैल को राज्य में कोविड-19 के 38 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए थे। उसके बाद से प्रदेश में नए मरीजों की संख्या में लगातार गिरावट हो रही है।

उत्तर प्रदेश में सरकारी आंकड़ों के मुताबिक कोविड-19 के नए मामलों में लगातार गिरावट आ रही है। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि 24 अप्रैल को राज्य में कोविड-19 के 38 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए थे। उसके बाद से प्रदेश में नए मरीजों की संख्या में लगातार गिरावट हो रही है।
प्रवक्ता ने सरकार द्वारा जारी आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 30 अप्रैल को प्रदेश में कोविड-19 के उपचाराधीन मामलों की संख्या करीब तीन लाख 10 हजार थी जो अब घटकर दो लाख 33 हजार हो गई है यानी पिछले नौ दिन में इस संख्या में करीब 77,000 की कमी आई है। प्रदेश में नए संक्रमित मरीजों की तुलना में ठीक होने वाले रोगियों की संख्या लगातार ज्यादा बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संक्रमण के नए मामलों में कमी पर संतोष जताते हुए टीम-9 को राज्य की जांच क्षमता को और बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश में अब तक चार करोड़ 29 लाख से ज्यादा नमूनों की जांच की जा चुकी है।
देश के विभिन्न हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस (कोविड-19) के 3,66,161 नए मामले दर्ज किए गए तथा 3754 मरीजों की इसके कारण जान चली गयी, लेकिन राहत की बात यह है कि इस दौरान इस संक्रमण 3,53,818 लोग ठीक हुए है। इस बीच देश में अब तक 17 करोड़ 01 लाख 76 हजार 603 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार की सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में कोरोना 3,66,161 नये मामले आने के साथ ही संक्रमितों का आंकड़ बढ़कर दो करोड़ 26 लाख 62 हजार 575 हो गया। वहीं इस दौरान 3,53,818 लोग इस महामारी से ठीक हुए, जिसके बाद कोविड-19 को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 1,86,71,222 हो गयी। देश में इस समय कोरोना के सक्रिय मामलों में की संख्या 37,45,237 है। इसी अवधि में 3,754 मरीज अपनी जान गंवा बैठे और इसके बाद इस महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,46,116 हो गयी है।

Desk Team