UP News: बरेली जिले में पुलिस और विशेष अभियान समूह (एसओजी) की संयुक्त टीम ने बहेड़ी में एक खंडहर में संचालित किए जा रहे कथित अवैध असलहा फैक्टरी का भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य फरार हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने रविवार शाम पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि शनिवार देर रात छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मौके से राइफल, पिस्तौल, तमंचा, कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पाकिस्तार हैंडलर से जुड़े तार
पुलिस के अनुसार, जांच में एक आरोपी के पाकिस्तानी संचालक अजमल गुर्जर के संपर्क में होने की बात सामने आई है। एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि सूचना मिली थी कि बरेली-बहेड़ी मार्ग पर गन्ना उत्पादक महाविद्यालय से पहले सड़क किनारे स्थित एक खंडहर में अवैध हथियार बनाए जा रहे हैं।
पुलिस टीम ने रात एक बजकर 35 मिनट पर घेराबंदी कर छापा मारा और चार आरोपियों को हथियार बनाते हुए पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बहेड़ी निवासी सुखराज सिंह (19), शानू मियां (29), रामपुर निवासी जीवनदीप सिंह (24) और पीलीभीत निवासी जसनूर सिंह (30) के रूप में हुई है।
UP News: डिजिटल साक्ष्यों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस जांच में सुखराज सिंह के मोबाइल फोन से पाकिस्तानी संचालक अजमल गुर्जर के साथ संपर्क के साक्ष्य मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच इंस्टाग्राम और व्हॉट्सएप के जरिए हथियारों की आपूर्ति को लेकर बातचीत हुई थी। उनके बीच हुई कई बातचीत के संदेश भी मिटाए गए हैं। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर दोनों के संपर्क और उनकी वास्तविक भूमिका का पता लगा रही है।
UP News: मौके से भारी मात्रा में हथियार बरामद
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में इशरत पहलवान का नाम भी सामने आया है, जो पहले हथियारों की तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। आरोपियों ने उससे हथियार लेने की बात बताई है। फरार दोनों आरोपी भी उससे जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मौके से 315 बोर का एक तमंचा, कारतूस, नौ एमएम की एक पिस्तौल, 315 बोर की एक राइफल, 12 बोर की दो अधबनी नाल, शिकंजा मशीन, हथियार बनाने के उपकरण और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस ने बहेड़ी थाने में मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस हथियारों की आपूर्ति और कथित पाकिस्तानी संपर्कों की भी जांच कर रही है।
ALSO READ: मध्य प्रदेश के सागर में शराब पीने से 1 युवक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर; दुकान हुई सील


Download Android App
Download iOS App




