अमेठी में एक दलित किशोरी से मारपीट और छेड़खानी के मामले के विरोध में प्रदर्शन करने और मुख्यमंत्री के खिलाफ नारे लगाने के आरोप में बृहस्पतिवार को कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह ने बताया कि बिना अनुमति प्रदर्शन करने और माहौल खराब करने के आरोप में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को गिरफ्तार किया गया है।
प्रियंका गांधी ने राज्य सरकार को दी चेतावनी थी
अमेठी के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 16 वर्षीय दलित लड़की के साथ मारपीट का वीडियो सार्वजनिक होने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को राज्य सरकार को चेतावनी दी थी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अमेठी में प्रदर्शन किया और राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ नारे लगाए।
प्रदर्शन में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा
अमेठी के रामलीला मैदान से अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में शुरू हुआ प्रदर्शन राजीव गांधी तिराहे पर समाप्त हुआ। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। गौरतलब है कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव ने 29 दिसंबर को घटना का वीडियो वायरल होने के बाद राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर मामले के आरोपियों को 24 घंटे में गिरफ्तार नहीं किया गया तो कांग्रेस जोरदार प्रदर्शन करेगी। पुलिस ने इस मामले में पीड़िता के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज करके राहुल सोनी, सूरज सोनी और शुभम गुप्ता नामक आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।


Download Android App
Download iOS App



