पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के साथ भाजपा अपने चुनावी अभियान की शुरूआत करने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए वर्ष के पहले सप्ताह में 5 जनवरी को पंजाब में रैली करेंगे। 5 जनवरी को प्रधानमंत्री मोदी पंजाब के फिरोजपुर में पीजीआई सैटेलाइट सेन्टर की नींव रखने जा रहे हैं। इसके बाद पीएम एक रैली को भी संबोधित करेंगे। तीनों कृषि कानूनों की वापसी और किसानों के आंदोलन के स्थगित होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी की पंजाब में यह पहली रैली होगी।
अकाली दल से अलग होकर पहली बार चुनाव लड़ेगी BJP
पंजाब में अकाली दल से अलग होकर पहली बार चुनाव लड़ने जा रही भाजपा के चुनावी अभियान को पीएम मोदी की इस रैली से गति मिलने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी की इस रैली में भाजपा के सहयोगी दल पंजाब लोक कांग्रेस के अमरिंदर सिंह और शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के सुखदेव सिंह ढींढसा भी मौजूद रहेंगे। जाहिर सी बात है कि इस रैली के जरिए भाजपा राज्य में अपनी और अपने गठबंधन की ताकत को लेकर पंजाब के मतदाताओं को एक बड़ा संदेश देने की कोशिश करेगी।
अमरिंदर सिंह और सुखदेव सिंह ढींढसा के साथ BJP का गठबंधन
आपको बता दें कि, भाजपा पंजाब में अमरिंदर सिंह और सुखदेव सिंह ढींढसा की पार्टी के साथ गठबंधन कर पहली बार राज्य में बड़े भाई की भूमिका में चुनाव लड़ने जा रही है। गठबंधन में सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय करने और संयुक्त घोषणा पत्र बनाने को लेकर ड्राफ्ट तैयार करने के लिए 28 दिसंबर को तीनों दलों के 2-2 नेताओं को शामिल कर एक 6 सदस्यीय संयुक्त कमेटी का भी गठन किया गया था। इस संयुक्त कमेटी की सिफारिशों के आधार पर ही भाजपा गठबंधन के सहयोगियों के साथ सीटों का बंटवारा कर चुनावी मैदान में उतरेगी।


Download Android App
Download iOS App



