समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक इंदल रावत के खिलाफ जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने, छेड़छाड़ तथा मारपीट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि मलिहाबाद सीट से सपा के विधायक रह चुके इंदल कुमार रावत, उनकी पत्नी ज्ञानवती, बेटों पंकज और नरेंद्र तथा भाई मिश्रीलाल समेत 19 नामजद तथा सात-आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ जानकीपुरम थाने में 20 अगस्त को मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि जानकीपुरम थाना क्षेत्र के मड़ियांव गांव की रहने वाली सावित्री नामक महिला ने आरोप लगाया कि आठ अगस्त को पूर्व सपा विधायक इंदल कुमार रावत, उनके परिवार के कई सदस्यों तथा अन्य साथियों ने लाठी-डंडे, हथौड़े, तमंचे तथा अन्य अस्त्र-शस्त्र से लैस होकर उसके घर पर धावा बोल दिया और उसके तथा उसकी बेटियों से मारपीट, छेड़छाड़ तथा दुर्व्यवहार कर सभी को घर से बाहर निकालने की कोशिश की।
सूत्रों के मुताबिक महिला का कहना है कि चीख-पुकार सुनकर फैजान खान, राजकुमार तथा कुछ अन्य लोगों ने हमलावरों को ललकारा। इसके बाद पास-पड़ोस के लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा होने लगी जिससे घबराकर पूर्व विधायक इंदल रावत और उनके साथी गाली गलौज करते हुए और जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।
सावित्री का आरोप है कि यह पूरा षड्यंत्र और हमला उसके घर पर अवैध कब्जा करने के मकसद से किया गया। सूत्रों ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



