उत्तर प्रदेश से एक बहुत ही दुखद घटना सामने आई है। दरअसल, बलात्कार मामले में एक पीड़िता मेडिकल जाँच करा कर अपने जीजा के साथ घर लौट रही थी, लेकिन लौटते वक़्त कथित रूप से वो नहर में गिर गई। जानकारी के अनुसार,उसकी तलाश की जा रही है। बिजनौर के थाना शेरकोट क्षेत्र में अदालत ने नाबालिग़ के साथ दुष्कर्म के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पीड़िता मोटरसाइकिल से घर जा रही थी
पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह ने बताया कि पीड़िता अपने जीजा दिनेश के साथ मोटरसाइकिल से घर जा रही थी तभी वह परमावाला पुल से नहर में गिर गयी। उन्होंने बताया कि पुल से गुजरते समय सामने से वाहन आने के कारण मोटरसाइकिल असंतुलित हो गयी और पीड़िता मोटरसाइकिल से उछलकर नहर में गिर गयी। उन्होंने बताया कि जहां से पीड़िता नहर में गिरी, उस जगह पुल की रेलिंग टूटी हुई थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नहर का पानी रुकवा दिया गया है और पीड़िता की नहर में तलाश की जा रही है।
दो आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था
पुलिस ने बताया कि थाना शेरकोट क्षेत्र में अदालत के आदेश पर बुधवार को पॉक्सो (यौन अपराधों से बच्चों की संरक्षण) अधिनियम के तहत दो आरोपियों यादराम और दलजीत के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था। उसने बताया कि यादराम और दलजीत ने पांच फरवरी को नाबालिग लड़की को जंगल ले जाकर उससे कथित तौर पर दुष्कर्म किया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को पीड़िता की चिकित्सकीय जांच कराई थी, जिसके बाद उसे उसके परिजन के साथ घर भेज दिया गया था।


Download Android App
Download iOS App



