Uttar Pradesh News: अमरोहा के मण्डी धनौरा में सरकारी क्रय केंद्र पर धान की खरीद न होने से नाराज किसानों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साए किसानों ने धान से भरी ट्रॉलियों को तहसील परिसर में उपजिलाधिकारी कार्यालय के सामने खड़ा कर दिया और घंटों धरना प्रदर्शन किया। इसके साथ ही, किसानों ने धनौरा-गजरौला मार्ग पर भी एक घंटे तक जाम लगाया। बाद में अधिकारियों से बातचीत के बाद जाम हटाया गया।
Uttar Pradesh News: आश्वासन के बावजूद नहीं हुई धान की खरीद
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के सैकड़ों कार्यकर्ता बुधवार को अपनी धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ तहसील परिसर पहुंचे। किसानों का कहना था कि उपजिलाधिकारी ने उन्हें 8 अक्टूबर से धान खरीद शुरू होने का आश्वासन दिया था। लेकिन जब किसान क्रय केंद्र पहुंचे तो पंजीकरण में त्रुटियों का हवाला देकर उन्हें लौटा दिया गया। इस रवैये से नाराज किसानों ने तहसील परिसर में धरना शुरू कर दिया और जोरदार नारेबाजी की। उनका कहना था कि प्रशासन किसानों को भ्रमित कर रहा है और समय पर खरीद न होने से उनका नुकसान हो रहा है।

Farmer Protest: किसानों ने सड़क जाम कर जताया गुस्सा
कई घंटों तक धरने के बावजूद कोई समाधान न निकलने पर किसानों ने धनौरा-गजरौला मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। सड़क जाम की खबर मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और मौके पर अधिकारी पहुंचे। उन्होंने किसानों से बातचीत कर उन्हें शांत किया और जाम खुलवाया।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शुरू कराई धान की तोल
सड़क जाम खुलवाने के बाद उपजिलाधिकारी विभा श्रीवास्तव और अन्य अधिकारियों ने स्वयं धान क्रय केंद्र जाकर निरीक्षण किया। इसके बाद धान की तोल की प्रक्रिया शुरू करवाई गई। इससे किसानों को कुछ राहत मिली और वे धरना खत्म करने को राज़ी हुए।

प्रदर्शन में शामिल रहे कई किसान नेता
इस विरोध प्रदर्शन में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश उपाध्यक्ष दानवीर सिंह, गुरमीत सिंह चंचु, डॉ. चंद्रपाल सिंह, विजेंद्र शर्मा, सौवीर सिंह, कपिल कुमार, निरंजन सिंह और भूदेव सिंह सहित कई किसान नेता शामिल रहे। सभी नेताओं ने एक सुर में सरकार और प्रशासन से मांग की कि किसानों की धान खरीद समय से और पारदर्शिता के साथ की जाए।
ये भी पढ़ें: Lucknow News: महिलाों की सुरक्षा बढ़ी, पांडे गंज चौकी पर CCTV कैमरों का शुभारंभ


Download Android App
Download iOS App





