उत्तर प्रदेश की वृंदावन नगरी में बन रहे विश्व के सबसे ऊंचे चंद्रोदय मंदिर में बीती रात बदमाशों ने लूटपाट की और एक सुरक्षाकर्मी को गंभीर रूप से घायल कर उसकी बंदूक भी छीन ले गए। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि वृंदावन में छटीकरा रोड पर निर्माणाधीन चंद्रोदय मंदिर परिसर में बीती रात कुछ बदमाशों ने जंगल की ओर से प्रवेश किया और वहां ड्यूटी कर रहे दो सुरक्षाकर्मियों लालजी यादव तथा गीतम सिंह को बंधक बना लिया। उन्होंने बताया कि इस दौरान गीतम सिंह ने बदमाशों पर गोली चलाने की कोशिश की तो एक बदमाश ने उनके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर पड़े। पुलिस ने कहा कि इसके बाद बदमाश मंदिर से विद्युत तार और अन्य सामान उठा ले गए।
घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर मौके पर पहुंचे। घायल सुरक्षाकर्मी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल हुआ सुरक्षाकर्मी अक्षप पात्र की मांट शाखा में कार्यरत है, परंतु एक कर्मचारी के अवकाश पर चले जाने के कारण उसे कल रात वृंदावन बुला लिया गया था। ग्रोवर ने कहा कि घटना में करीब दो दर्जन बदमाश शामिल थे जो आसपास के किसी गांव के हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुकदमा दर्ज कर सभी पहलुओं से घटना की जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



