दुर्दांत अपराधी विकास दुबे की शुक्रवार को एसटीएफ के साथ कथित मुठभेड़ में मौत के बाद तीन डॉक्टरों के एक पैनल ने उसके शव का पोस्टमार्टम किया। देर शाम दुबे के शव का भैरव घाटी स्थित विद्युत शवदाह गृह में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पोस्टमार्टम करने वाले एक डॉक्टर ने बताया दुबे के अंत्यपरीक्षण की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम में जो भी सामने आया है, इस बारे में पुलिस को बता दिया गया है और पोस्टमार्टम की रिपोर्ट भी उसे जल्द सौंप दी जाएगी। पुलिस से कहा गया है कि वह बाकी औपचारिकताएं पूरी करें।
दुबे के शव का पोस्टमार्टम पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच किया गया। इस बीच, पुलिस ने दुबे के रिश्तेदार दिनेश तिवारी को उसका शव लेने और उसका अंतिम संस्कार करने के लिए मनाया।
बाद में सबको कड़ी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार के लिए भैरव घाट ले जाया गया, जहां विद्युत शवदाह गृह में उसकी अंत्येष्टि की गई। इस दौरान उसकी पत्नी और करीबी रिश्तेदार मौजूद रहे। वही घाट के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया।


Download Android App
Download iOS App



