दिल्ली में कोरोना के 2089 नए मामले की पुष्टि, 42 लोगों की मौत

Summary :

दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 2,089 नये मामले सामने आए, जिससे महानगर में ऐसे मामलों की संख्या 1.09 लाख से अधिक हो गयी, जबकि मरने वालों की संख्या 3,300 पहुंच गई।

दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 2,089 नये मामले सामने आए, जिससे महानगर में ऐसे मामलों की संख्या 1.09 लाख से अधिक हो गयी, जबकि मरने वालों की संख्या 3,300 पहुंच गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन में कहा गया कि पिछले 24 घंटों में 42 लोगों की मौत हुई है।
23 जून को राष्ट्रीय राजधानी में अब तक के सर्वाधिक 3,947 मामले आये थे। दिल्ली में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या बृहस्पतिवार को 3,258 थी। शुक्रवार को जारी बुलेटिन में कहा गया कि कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 3,300 और कुल मामलों की संख्या 1,09,140 हो गई है।
बता दें कि भारत में शुक्रवार की शाम सक्रमितों का आंकड़ा 8 लाख के पार हो गया। पिछले 24 घंटे में 7,484 नए मामले सामने आने के साथ ही देश में अब संक्रमितों की कुल संख्या 8,01,286 हो गई है।
सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र में 2,30,599 मरीज सामने आ चुके हैं जबकि तमिलनाडु में मरीजों की कुल संख्या 1,30,261 हो चुकी है। शुक्रवार को नए मामले सामने आने के तमाम रिकॉर्ड भारत में टूट गए और 26 हजार से भी ज्यादा कोरोना के नए मरीज सामने आए।

Desk Team