चित्रकूट : अवैध खनन पर दबिश देने गई पुलिस पर ग्रामीणों का हमला, 11 लोग गिरफ्तार

Summary :

पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंकित मित्तल ने बताया कि कुछ किसानों ने अपने खेतों से जबरन मिट्टी खोदे जाने की शिकायत की थी और उसे रोकने के लिए गश्ती दल के तीन पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के पहाड़ी क्षेत्र के ममसी गांव में बुधवार सुबह मिट्टी का अवैध खनन रोकने गए पुलिस टीम पर कुछ ग्रामीणों ने कथित रूप से हमला कर दिया। इस हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए। वहीं मामले में 11 ग्रामीणों को गिरफ्तार किया गया है।
चित्रकूट जिला के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंकित मित्तल ने बताया कि बुधवार तड़के कुछ किसानों ने अपने खेतों से जबरन मिट्टी खोदे जाने की शिकायत की थी और उसे रोकने के लिए गश्ती दल के तीन पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मिट्टी का अवैध खनन रोके जाने पर कुछ ग्रामीणों ने पुलिस दल पर हमला कर दिया।
मित्तल ने बताया कि ग्रामीणों के हमले में सिपाही पंकज, दीपक और नरेंद्र घायल हुए हैं तथा उन्हें एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी ने बताया कि इस सिलसिले में एक मामला दर्ज कर 11 ग्रामीणों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उनसे पूछताछ की जा रही है।

Desk Team