उत्तर प्रदेश के बिजनौर क्षेत्र में हो रही शादी में एक अजीबोगरीब घटना हो गई जिसे देखकर वर और वधू पक्ष के होश उड़ गए। जयमाल के वक्त दुल्हन ने दूल्हे की बजाय अपने प्रेमी के गले में वरमाला डाल दी। इसके बाद दूल्हा, बाराती और दुल्हन पक्ष के लोग आपा खो बैठे। उन्होंने प्रेमी की जमकर पिटाई कर दी और पुलिस को सौंप दिया। बाराती और दूल्हा बिना शादी किए वापस लौट गए।
जानकारी के मुताबिक बिजनौर के नगीना क्षेत्र में एक विवाह होना था। लड़के वाले नाचते गाते दुल्हन के यहां बारात लेकर पहुंचे।
यहां दुल्हन के घरवालों ने बारातियों का स्वागत किया और दूल्हे को स्टेज पर ले जाया गया। जयमाल का कार्यक्रम शुरू होने से पहले दुल्हन को भी स्टेज पर बुलाया गया। सभी परिजन वहां पर इकट्ठा हुए। दूल्हा दुल्हन का वरमाला दी गई।
जब दूल्हा आगे आया तो दुल्हन ने दूल्हे के बजाए बगल में खड़े युवक के गले में वरमाला डाल दी। ये नजारा देख वहां खड़े सभी लोग भौंचक्के रह गए। पहले तो लोगों ने सोचा कि दुल्हन ने मजाक में ऐसा किया है। जब इस युवक के बारे में पूछा गया तो पता चला कि वो दूल्हे की साइड से नहीं है। इसके बाद दुल्हन से पूछा गया कि ये किसके गले में वरमाला डाल दी तो पता चला कि ये युवक और कोई नहीं बल्कि उसका आशिक है।
ये सब नज़ारा देख दूल्हे के अरमानों पर पानी फिर गया और शादी की खुशियां अफरा-तफरी में तब्दील हो गई। देखते ही देखते हंगामा और मारपीट शुरू हो गई। किसी ने पुलिस को घटना की सूचना दी जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से मामला संभाला। दूल्हा बिना दुल्हन के बारात लेकर वापस लौट गया।
बताया जा रहा है कि युवक और दुल्हन कॉलेज में साथ में पढ़ाई करते थे। यहां उनका इश्क परवान चढ़ा और ये एक दूसरे को पसंद करने लगे। लेकिन दुल्हन के घरवाले इसके लिए राजी नहीं थे।
इसी वजह से लड़की की शादी कहीं और तय कर दी थी। फिलहाल पुलिस लड़की के घरवालों को समझाने की कोशिश कर रही है कि ये दोनों परिवारवालों की रजामंदी से शादी कर सकें।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App









