UP में रहने के लिए करें योगी जाप… नहीं तो बुल्डोजर तैयार, BJP विधायक के खिलाफ EC ने की कार्रवाई

Summary :

निर्वाचन आयोग ने भाजपा नेता टी राजा सिंह को उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी को वोट देने के वास्ते लोगों को धमकी देने के लिए फटकार लगाई और उन्हें 72 घंटे तक प्रचार करने से प्रतिबंधित कर दिया।

निर्वाचन आयोग ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता एवं तेलंगाना के विधायक टी राजा सिंह को उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी को वोट देने के वास्ते लोगों को धमकी देने के लिए फटकार लगाई और उन्हें 72 घंटे तक प्रचार करने से प्रतिबंधित कर दिया।
चुनाव प्रचार करने पर लगा 72 घंटे का प्रतिबंध
आयोग ने तेलंगाना के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भारतीय दंड संहिता और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का भी निर्देश दिया। 72 घंटे की पाबंदी शनिवार शाम छह बजे से शुरू हो गई है। इस सप्ताह की शुरुआत में, निर्वाचन आयोग ने सिंह को नोटिस जारी करते हुए उनकी कथित टिप्पणी वाली एक वीडियो क्लिप का हवाला दिया था।
EC ने विधायक से 24 घंटे के भीतर मांगा था जवाब 
चुनाव आयोग ने सिंह से 24 घंटे के भीतर कारण बताने को कहा था और उनके खिलाफ आपराधिक कानून के तहत उचित दंडात्मक कार्रवाई शुरू करने की बात कही थी। इसी के नोटिस में लिखा था कि “ध्यान दें निर्धारित समय के भीतर आपकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं होने की स्थिति में, यह माना जाएगा कि आपको इस मामले में कुछ नहीं कहना है और चुनाव आयोग इस मामले में कोई और संदर्भ दिए बिना उचित कार्रवाई या निर्णय लेगा।”
जानें क्या है पूरा मामला 
विधायक ने चुनाव आयोग 21 फरवरी तक का समय मांगा, लेकिन आयोग ने उन्हें 19 फरवरी को दोपहर 1 बजे तक जवाब देने को कहा गया। हालांकि, पोल पैनल को निर्धारित समय के भीतर उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के बाद सोमवार को जारी वीडियो में विधायक ने मतदाताओं को धमकी दी कि अगर उन्होंने बीजेपी को वोट नहीं दिया तो उनके घर तोड़ दिए जाएंगे और उन्हें राज्य से बाहर कर दिया जाएगा। 
BJP को नहीं दिया वोट तो… 
नोटिस में उद्धृत सिंह की टिप्पणी के अनुसार, उन्होंने कहा था, ‘‘जो लोग भाजपा को वोट नहीं देते हैं उन्हें पता होना चाहिए कि ‘‘योगी जी’’ (उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ) ने हजारों जेसीबी और बुल्डोजर मंगवा लिये हैं।’’ उन्होंने कहा था, ‘‘आप जेसीबी और बुल्डोजर का उद्देश्य जानते हैं… अगर आपको यूपी में रहना है, तो आपको योगी-योगी का जाप करना होगा या उत्तर प्रदेश छोड़ना होगा।’’

अहमदाबाद धमाकों पर अखिलेश ने तोड़ी चुप्पी, BJP को बताया झूठा, कहा- आतंकवादी के परिवार से संबंध नहीं

Desk Team