उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली में पिछले दिनों लोगों पर रसायन का स्प्रे किये जाने की घटना को अशिष्टतापूर्ण बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिये हैं।
गृह विभाग के प्रमुख सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि मुख्यमंत्री ने बरेली में लोगों पर स्प्रे किये जाने की घटना को ‘अशिष्ट और अभद्र’ बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।
मालूम हो कि रविवार को बरेली में पुलिस की मौजूदगी में अस्थाई बस अड्डे पर जिले से गुजर रहे सैकड़ों लोगों पर यातायात पुलिस द्वारा दमकल गाड़ियों से सोडियम हाइपोक्लोराइड युक्त पानी का छिड़काव कराया गया था। घोल का पानी आंखों में पड़ने से कुछ लोगों की आंखें लाल हो गई और उन्हें जलन महसूस हुई।
सूत्रों के मुताबिक इन कामगारों पर दो बार छिड़काव किया गया। इससे कुछ देर के लिए वहां भगदड़ मच गई। विपक्षी दलों ने इस घटना की कड़ी आलोचना करते हुए सरकार का घेराव किया था।


Download Android App
Download iOS App



