उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गरीब कल्याण रोजगार अभियान में यूपी के 31 जनपदों को चयनित किये जाने पर उनके के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री की आकांक्षाओं तथा अपेक्षाओं के अनुरूप गरीब कल्याण रोजगार अभियान को संचालित करते हुए इसका लाभ जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शनिवार को गरीब कल्याण रोजगार अभियान का शुभारम्भ किये जाने पर उनका हार्दिक अभिनन्दन किया और अभियान में प्रदेश के 31 जनपदों को चुनने के लिए उनके प्रति आभार जताया। एक सरकारी बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पूरे देश में गरीब कल्याण एवं ग्रामीण विकास को नया आधार देने के लिए प्रधानमंत्री की पहल पर संचालित किया जा रहा यह अभियान गांवों में आजीविका के अवसरों को बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान करेगा।
गौरतलब है कि वापस आये श्रमिकों तथा गांव के लोगों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से देश के छह राज्यों के 116 जनपदों में 125 दिन का यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान में उत्तर प्रदेश के 31 जनपद चयनित किये गये हैं। इन जनपदों में सिद्धार्थनगर, प्रयागराज, गोण्डा, महराजगंज, बहराइच, बलरामपुर, जौनपुर, हरदोई, आजमगढ़, बस्ती, गोरखपुर, सुल्तानपुर, कुशीनगर, संत कबीरनगर, बांदा, अम्बेडकर नगर, सीतापुर, वाराणसी, गाजीपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अयोध्या, देवरिया, अमेठी, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, श्रावस्ती, फतेहपुर, मिर्जापुर, जालौन और कौशाम्बी शामिल हैं।
गरीब कल्याण रोजगार अभियान के तहत कामगारों की रुचि एवं कौशल के अनुरूप रोजगार एवं स्वरोजगार के कार्य कराये जाएंगे। ग्रामीण सार्वजनिक परिसम्पत्तियों के निर्माण के अन्तर्गत सड़क, ग्रामीण आवास, बागवानी, पौधा रोपण, जल संरक्षण एवं सिंचाई, आंगनवाड़ी, पंचायत भवन तथा जल जीवन मिशन आदि से जुड़े 25 कार्य सम्मिलित किये गये हैं। इस अभियान के संचालन से रोजगार की तुरन्त आवश्यकता वाले कामगारों को विभिन्न कार्य क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मिलेंगे तथा वे अपने ही गांव में जीविकोपार्जन की विभिन्न गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित भी होंगे।


Download Android App
Download iOS App



