Uttarakhand Taekwondo Girl Controversy : हाल ही में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में अजीबोंगरीब वाकया घटा। CNI गर्ल्स स्कूल की एक छात्रा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने ताइक्वांडो की इंटरनेशनल चैंपियनशिप में जाने के लिए करीब डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक मदद की बात रखी थी। इसके बाद मामले को सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में इस तरह पेश किया जाने लगा मानो किसी सरकारी अफसर ने छात्रा से घूस मांगी हो।
अब उत्तराखंड सरकार ने इस पूरे विवाद पर स्थिति साफ करते हुए कहा है कि इस पूरे मामले को बेवजह तूल दिया जा रहा है और वास्तविक तथ्य बिल्कुल अलग हैं।
निजी संस्था से जुड़ा था मामला
शासन की तरफ से जारी स्पष्टीकरण के मुताबिक, छात्रा ‘ताइक्वांडो काउंसिल ऑफ इंडिया’ नाम की एक प्राइवेट संस्था के जरिए ट्रेनिंग ले रही थी और उसी के माध्यम से उसका चयन विदेश में होने वाले इवेंट के लिए हुआ था। प्रतियोगिता में आने-जाने और रहने का कुल खर्च लगभग 3.70 लाख रुपये था।
प्राइवेट संस्था ने लगभग 1.70 लाख रुपये खुद उठाने का वादा किया था, जबकि बाकी के 1.50 से 1.60 लाख रुपये छात्रा को खुद जुटाने थे। सरकार ने साफ किया कि यह न तो किसी सरकारी डिपार्टमेंट की चयन प्रक्रिया थी और न ही इसमें किसी अफसर द्वारा पैसे मांगने का कोई मामला है। यह पूरी तरह से एक प्राइवेट इवेंट के स्पॉन्सरशिप से जुड़ा विषय था।
अधूरी जानकारी पर राजनीति का आरोप
सरकार का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान समय की कमी के कारण छात्रा अपनी बात पूरी तरह स्पष्ट नहीं कर सकी, जिससे भ्रम की स्थिति बनी।
राज्य सरकार ने कहा कि उन्हें बच्ची की लगन और प्रतिभा पर गर्व है, लेकिन विपक्ष और कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस अधूरी जानकारी का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें – हरिद्वार में बारिश ने बढ़ाई बिजली की मुसीबत, नदी के बहाव में बहे खंभे, रुड़की समेत कई क्षेत्र प्रभावित



Download Android App
Download iOS App



