Uttarakhand Flash Flood Warning : उत्तराखंड में भारी बारिश आफत बन गई है। बारिश के चलते आम जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। इस चलते मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान ऊधम सिंह नगर को छोड़कर सभी 12 जिलों में हल्के से मध्यम स्तर के फ्लैश फ्लड का अनुमान जताया है। बता दें फ़्लैश फ्लड अचानक बाढ़ खतरे को कहा जाता है। इस आशंका को देखते हुए राज्य शासन तुरंत हरकत में आ गया है।
अधिकारीयों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश
प्रशासन ने कई जगहों पर अलर्ट मोड लागू कर दिया है। आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने सभी संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को हाई अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील इलाकों में निगरानी सख्त करने और आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए सभी रेस्क्यू टीमों को पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया है।
लोगों से अपील
आपदा प्रबंधन विभाग ने अधिकारियों को संभावित भूस्खलन, जलभराव और नदियों के बढ़ते जलस्तर को ध्यान में रखते हुए जरूरी एहतियाती कदम उठाने के सख्त निर्देश दिए हैं। शासन ने स्पष्ट किया है कि पहाड़ी इलाकों की छोटी धाराओं और नदियों में अचानक तेज उफान आ सकता है।
इसे देखते हुए लोगों से अपील की गई है कि वे पुल-पुलियाओं, नदी किनारे और जलभराव वाले इलाकों के पास न जाएं। साथ ही खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने और लैंडस्लाइड संभावित रास्तों पर निकलने से पहले मौसम व सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
संभावित फ़्लैश फ्लड प्रभावित जिलों की सूची इस प्रकार है –
- अल्मोड़ा
- बागेश्वर
- चमोली
- चंपावत
- देहरादून
- टिहरी
- हरिद्वार
- नैनीताल
- पिथौरागढ़
- रुद्रप्रयाग
- उत्तरकाशी
- पौड़ी जिले



Download Android App
Download iOS App



