उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने जन जीवन प्रभावित कर दिया है। जगह-जगह पर पहाड़ों का मलबा खिसककर सड़कों पर आ गया है, जिससे कई हाईवे और मुख्य सड़कें बंद हो गई हैं। बड़कोट में रातभर हुई तेज बारिश की वजह से यमुनोत्री हाईवे सिलाई बैंड, दुर्बिल बैंड और जंगलचट्टी समेत कई जगहों पर भूस्खलन होने से बंद हो गया है। जिस वजह से आवाजाही प्रभवित हुई है। कई जगहों पर स्थानीय लोग और श्रद्धालु फंस गए हैं।
कई मुख्य सड़कें और हाईवे बंद
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश की वजह से जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है। पहाड़ों से पत्थर गिरने के कारण राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 बंद हो गया है। इसी तरह गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे, सिमली-ग्वालदम हाईवे और आमसौड में भूस्खलन होने की वजह से नारायणबगड़-कर्णप्रयाग मुख्य सड़क मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है।
कई जिलों में भारी बारिश, स्कूल बंद
मौसम विभाग ने आज टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और रुद्रप्रयाग जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, देहरादून, चमोली, बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट है, यहां के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।
अलकनंदा और मंदाकिनी नदी का बढ़ा जल स्तर
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां उफान पर हैं। दोनों नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बढ़ते जल स्तर को देखते हुए नदी किनारे की घाटी जलमग्न हो गई हैं। प्रशासन ने लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को नदियों से दूर रहने की अपील की है।


Download Android App
Download iOS App




