गुजरात के वडोदरा में भारी बारिश के चलते एयरपोर्ट बंद कर दिए गए हैं। बारिश की वजह से रेल और सड़क परिवहन भी प्रभावित हो गया है। रोजमर्रा की चीजों के लिए लोग कड़ी मेहनत कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर इन दिनों वडोदरा का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दिखाई दे रहा है कि सड़कों पर बाढ़ का पानी भर गया है जिसकी वजह से सड़क पर मगरमच्छ भी आ गए हैं। सड़क पर खड़े कुत्ते पर इस मगरमच्छ ने हमला भी कर दिया।

सोशल मीडिया पर इस वीडियो को कई लोग पोस्ट कर चुके हैं। इस वीडियो को भारतीय टीम के क्रिकेटर इरफान पठान ने भी शेयर किया है। वडोदरा के रहने वाले इरफान पठान ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है, वडोदरा में कल लगातार बारिश हुई, जिससे मगरमच्छ आ गया।
इस वीडियो में देखा जा सकता है कि दो कुत्ते सड़क के किनारे खड़े हुए हैं। पानी पूरी तरह से सड़क पर भरा हुआ है। वीडियो में मगरमच्छ तैरता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। सड़क किनारे खड़े कुत्ते के पास मगरमच्छ धीरे से जाता है और उसपर हमला कर देता है। हालांकि मगरमच्छ कुत्ते को पकड़ नहीं पाया और वह वहां से भाग गया।

वडोदरा में बारिश ने अपना विकराल रूप दिखा दिया है। वडोदरा में बीते बुधवार को भारी बारिश की वजह से चार लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा भारी बारिश की वजह से वडोदरा के छनी इलाके में एक दीवार भी गिर गई है। इस दीवार ने चार लोगों को अपना शिकार बनाया। राज्य के मौसम विभाग ने कहा है कि कुछ दिन और वडोदरा में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।



Download Android App
Download iOS App



