हरिद्वार : ज्वालापुर की लाल मंदिर कॉलोनी में तीसरी मंजिल पर बने गद्दे के गोदाम में आग लग गई। आग ने चंद मिनटों में ही विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के परिवारों में भी अफरातफरी मच गई। मायापुर और सिडकुल फायर ब्रिगेड की टीम ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई, अलबत्ता लाखों का सामान जलकर राख हो गया।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक व महापौर मनोज गर्ग ने भी मौके पर पहुंचकर अग्निकांड का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार व्यापारी सुरेश कुमार का गद्दे का थोक सप्लाई का कारोबार है। सुरेश कुमार ने लाल मंदिर कॉलोनी में एक भवन की तीसरी मंजिल पर टीनशेड का गोदाम बनाया हुआ था। करीब पांच बजे गोदाम में अचानक आग लग गई। पहले काला धुंआ और बाद में आग की लपटें देखकर लोगों के होश उड़ गए। चंद मिनट में ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
जिसका नतीजा यह हुआ कि अगल-बगल के मकानों में तपिश बढ़ती चली गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। सूचना पर मायापुर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग का भीषण रूप देखकर सिडकुल फायर स्टेशन से भी टीम बुला ली गई। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू पाया। जिससे जनहानि होने से बाल बाल बची। दमकल विभाग प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट को ही आग लगने का कारण मान रहा है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।
– संजय चौहान


Download Android App
Download iOS App



