महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में फसल के नुकसान की वजह से कर्ज में डूबे एक किसान ने कथित रूप से खुदकुशी कर ली। पुलिस ने बताया कि किसान की पहचान शंकर चयारे (50) के तौर पर हुई है। वह विदर्भ क्षेत्र के यवतमाल जिले का रहने वाला है। इस जिले में पहले भी कई किसानों ने आत्महत्या की है।
पुलिस ने बताया कि चयारे ने जहरीले रसायन को कथित रूप से पी लिया। जब उसे इलाज के लिए यवतमाल शहर ले जा रहे थे तो अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि कीट के हमले के कारण कपास की फसल को हुआ नुकसान किसान की आत्महत्या का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने बताया कि एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
यवतमाल के पुलिस अधीक्षक राज कुमार ने बताया, “पुलिस ने कथित सुसाइड नोट जब्त किया है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम है और (खुदकुशी) के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया गया है, लेकिन हम इसकी सत्यता और मौत के कारणों को सत्यापित कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है जिसके बाद कथित सुसाइड नोट की सत्यता का पता लगाया जायेगा । कुमार ने बताया कि चयारे ने स्थानीय ऋण सहकारी समिति से 90,000 रुपये और साहूकार से तीन लाख रुपये उधार लिए थे। वह यवतमाल जिले के घतंजी थाना क्षेत्र के तहत आने वाले राजुरवाड़ी गांव का रहने वाला है।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अखबार।


Download Android App
Download iOS App



