रुद्रप्रयाग : रविवार को मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह एवं गढ़वाल आयुक्त दिलीप जावलकर ने केदारनाथ में यात्रा तैयारी और पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लिया। मुख्य सचिव ने मंदिर परिसर से लेकर मंदिर मार्ग, चबूतरे, सरस्वती नदी, ब्रह्मवाटिका आदि स्थानों का निरीक्षण कर अफसरों को जल्द कार्य करने के निर्देश दिए। केदारनाथ पहुंचे मुख्य सचिव ने केदारनाथ में पॉलीथिन के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध करने की कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए। कहा कि केदारनाथ में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके लिए सुलभ इंटरनेशनल को जगह चिन्हित कर आवश्यकता के अनुरूप शौचालय निर्माण करने और जगह-जगह कूड़ादान रखने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने डीडीएमए को मंदिर परिसर पर जल्द पत्थर लगाने, परिसर समतलीकरण करने, सुलभ को परिसर की साफ-सफाई करने के लिए कार्यवाही करने को कहा। इस मौके पर उन्होंने केदारनाथ धाम में वर्ष 2015 में एसआई बिपिन चन्द्र पाठक के प्रयासों से पुलिस द्वारा बनाई ब्रह्मवाटिका का निरीक्षण किया। वाटिका से प्रभावित होकर मुख्य सचिव ने पुलिस की सराहना की साथ ही रुद्रप्रयाग डीएफओ अमित कंवर को निर्देशित करते हुए कहा कि केदारनाथ में ऐसी जगह चिन्हित की जाए जहां इस तरह की और वाटिकाएं बनाई जा सकती हैं।
उन्होंने पुलिस के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने केदारनाथ में अपने कार्यों के साथ-साथ ईकोफ्रेंडली सौन्दर्यीकरण में अहम योगदान दिया है। इस मौके पर डीएम मंगेश घिल्डियाल ने मुख्य सचिव को केदारनाथ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की पूरी जानकारी दी। कहा कि समय-समय पर केदारनाथ में वीडियो कान्फ्रेंस आयोजित कर कार्यों की समीक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि यात्रा का बेहतर संचालन किया जाएगा। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक पीएन मीना, लोनिवि के एसई मुकेश परमार, एसडीएम गोपाल सिंह चौहान, सीवीओ डॉ रमेश नितवाल, जल संस्थान के ईई संजय सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद थे।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



