दुनिया का सबसे अनोखा मेंढ़क, खतरा भांपते ही बन जाता है पारदर्शी, कहलाता है जीवों का बेस्ट पापा

Summary :

दुनिया में एक ऐसा भी मेढ़क है जो खतरा भांपकर खुद के शरीर को शीशे की तरह पारदर्शी बना लेता है। इसे ग्लास फ्रॉग भी कहते हैं। बेहद नाजुक से दिखने वाले इस मेंढक को जंगल की दुनिया का ‘बेस्ट पापा’ भी कहते हैं।

दुनिया में वैसे तो कई अतरंगी जीव रहते हैं लेकिन आज हम आपको एक ऐसे मेंढ़क के बारे में बताने वाले है जिसके बारें में आप में से बहुत ही कम लोग जानते होंगे। कुदरत ने मेंढ़क की एक ऐसी प्रजाति बनाई है जिसके शरीर के अंगों को बाहर से देखा जा सकता है। आर-पार देखने की वजह से ही इस मेंढ़क की प्रजाति को ग्लास फ्रॉग या सी थ्रू फ्रॉग भी कहा जाता है।
ग्लास फ्रॉग या सी थ्रू फ्रॉग दिखने में बेहद ही नाजुक नजर आते है लेकिन इनकी एक खासियत इन्हें सबसे अलग और अनोखा बनाती है। दरअसल, किसी तरह का भी खतरा भांपते ही ये मेंढक खुद के शरीर को शीशे की तरह पारदर्शी बना लेता है, जो उसे शिकारियों से बचने में मदद करता है। ये खून के बहाव से करीब 90 प्रतिशत रेड ब्लड सेल को हटा देते हैं और अपने लिवर में पैक कर लेते हैं।
इसे जीवों का बेस्ट पापा भी कहा जाता है, क्योंकि ये अपने अंडों की हिफाजत करने के लिए अपनी जान की बाजी तक लगा देता है। नेशनल जोयोग्राफिक की रिपोर्ट के मुताबिक, ग्लास फ्रॉग की पूरी दुनिया में कुल 156 प्रजातियां हैं। इन मेंढ़कों की सबसे बड़ी प्रजाति का लंबाई 3 इंच तक हो सकती है और सबसे छोटी प्रजाति 0.78 इंच लंबी होती है। वैज्ञानिकों का कहना है कि ग्लास फ्रॉग को उष्णकटिबंधीय वर्षावनों में रहना पसंद होता है। 
ग्लास फ्रॉग साउथ मेक्सिको, सेंट्रल और साउथ अमेरिका में पाए जाते हैं। इन मेंढकों का शरीर हरे रंग का होता है हालांकि किसी-किसी मेंढ़क के शरीर पर काले, सफेद, नीले या हरे धब्बे भी होते हैं। इनकी बॉडी इस कदर पारदर्शी होती है कि नीचे से देखने पर आपको मेंढ़क का धड़कता हुआ दिल, जिगर और आंत साफ-साफ नजर आएंगे।

Desk Team