Magh Mela 2026 Viral Video: महाकुंभ मेले के बाद अब प्रयागराज में माघ मेले की भव्य शुरुआत देखने को मिल रही है। इस दौरान संगम तट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। देशभर से श्रद्धालु पवित्र स्नान के लिए पहुंच रहे हैं, वहीं इस बार माघ मेला अपने अलग-अलग अंदाज के साधु-संतों की वजह से भी खास चर्चा में है। मेले में पहुंचे कई अनोखे बाबा और नागा साधु सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। उनकी कठिन साधना और अलग जीवनशैली लोगों को हैरान कर रही है।
Magh Mela 2026 Viral Video: हड्डी चबाते दिखे अघोरी साधु, वीडियो हुआ वायरल
माघ मेले से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रहा है, जिसमें एक अघोरी साधु हड्डी चबाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। जब साधु से इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उनकी साधना का यह भी एक हिस्सा है। उन्होंने बताया कि वे भी अन्य साधु-संतों की तरह ध्यान और भजन करते हैं और रोजाना रात के समय ईश्वर की भक्ति में लीन रहते हैं।

Viral Baba Video Magh Mela: 3 फुट 8 इंच के बाबा बने चर्चा का विषय
माघ मेले में आए गंगापुरी महाराज भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। उनकी लंबाई मात्र 3 फुट 8 इंच है, जिसके कारण सोशल मीडिया पर उन्हें दुनिया का सबसे छोटा बाबा कहा जा रहा है। गंगापुरी महाराज अपनी उम्र 58 साल बताते हैं। वे अर्धनारीश्वर के उपासक हैं और अपने एक हाथ में चूड़ी-कंगन पहनते हैं। बाबा का दावा है कि वे पिछले 36 वर्षों से कभी नहीं नहाए हैं। उनके अनुसार यह उनकी विशेष साधना का हिस्सा है। नहाने की बजाय वे अपने शरीर पर भस्म यानी राख लगाते हैं। उनके इस अनोखे विश्वास और जीवनशैली को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उनकी कुटिया तक पहुंच रहे हैं।

Prayagraj Magh Mela 2026: 7 साल से एक पैर पर खड़े रहकर कर रहे हैं तपस्या
माघ मेला 2026 में पहुंचे नागा बाबा शंकरपुरी की तपस्या भी लोगों को चौंका रही है। बाबा पिछले 7 वर्षों से एक ही पैर पर खड़े रहकर साधना कर रहे हैं। उनकी उम्र 26 साल है और वे उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के नैमिषारण्य से प्रयागराज आए हैं। बाबा शंकरपुरी ने अक्षय वट मार्ग के पास अपनी कुटिया बनाई है, जहां उन्होंने एक झूला भी लगाया है। इसी झूले के सहारे वे संतुलन बनाए रखते हैं और एक पैर पर खड़े रहते हैं। उनकी कठिन साधना को देखकर श्रद्धालु बड़ी संख्या में उनके दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

माघ मेला बना आस्था और रहस्य का संगम
प्रयागराज का माघ मेला सिर्फ धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां साधु-संतों की अनोखी साधनाएं भी लोगों को आकर्षित करती हैं। ये बाबा अपनी अलग पहचान और विश्वास के कारण सोशल मीडिया से लेकर संगम तट तक चर्चा का विषय बने हुए हैं। माघ मेला हर बार की तरह इस बार भी आस्था, तपस्या और रहस्य का अद्भुत संगम बन गया है।





















