रुद्रप्रयाग : इस बार हेलीकॉप्टर से केदारनाथ आने वाले यात्री बाबा के वीआइपी दर्शन नहीं कर पाएंगे। उन्हें आम भक्तों की तरह लाइन में लगकर ही दर्शन करने होंगे। साथ ही मंदिर में फर्जी तरीके से वीआइपी दर्शन करने वालों पर भी पुलिस पूरी तरह रोक लगाएगी। इसके अलावा यात्री बाबा केदार के व्यवस्थित रूप से दर्शन कर सकें, इसके लिए मंदिर के अंदर की व्यवस्थाएं इस बार पुलिस संभालेगी। अब तक मंदिर समिति के पास ही यह जिम्मा था। लेकिन, बीते वर्ष के अनुभवों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। पुलिस कप्तान प्रह्लाद नारायण मीणा ने पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी।
बताया कि केदारनाथ मंदिर में दर्शनों के दौरान देश-विदेश से आने वाले भक्तों को भारी अव्यवस्था झेलनी पड़ती है। लाइन व्यवस्थित न होने के कारण मंदिर के अंदर धक्का-मुक्की होती है, जिससे कई बार भक्त चोटिल तक हो जाते हैं। लिहाजा इस बार मंदिर के अंदर व्यवस्था बनाने में पुलिस योगदान करेगी। ताकि यात्री सुकून के साथ बाबा के दर्शन कर सकें। एसपी ने यह भी कहा कि वीआइपी दर्शनों की आड़ में कई लोग फर्जी तरीके से मंदिर में घुस जाते हैं। इससे मंदिर के अंदर भारी अव्यवस्था पैदा हो जाती है। जिस पर इस बार पूरी तरह रोक लगाई जाएगी।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



