ऋषिकेश : सोमवार सुबह तेज हवा के साथ रिमझिम बारिश हुई। इससे मौसम काफी सुहावना हो गया। तेज हवा के कारण कई जगह पेड़ की टहनियां बिजली की तारों पर गिरने से सप्लाई ठप हो गई। बारिश और तेज हवा से गेहूं, आम और आड़ू की फसल को नुकसान पहुंचा है। बारिश से तापमान में गिरावट आई है। सोमवार को ऋषिकेश का अधिकतम ताममान 31 एवं न्यूनतम 19 डिग्री रहा। सुबह साढ़े आठ बजे के आसपास तेज हवा चलने के साथ बारिश शुरू हो गई। हवा चलने से पेड़ की टहनियां बिजली के तारों पर गिरने से कई जगह बिजली गुल हो गई।
श्यामपुर, रायवाला, आईडीपीएल एवं बाईपास मार्ग पर एचटी लाइन ट्रिप होने से फाल्ट ढूंढ़ने में बिजली कर्मियों के पसीने छूटे। लाइन पर पड़ी पेड़ की टहनियां हटाकर फाल्ट ठीक करने के बाद बिजली सप्लाई दोपहर तक बहाल हो पाई। ऊर्जा निगम के ईई डीपी सिंह ने बताया कि दोपहर तक बिजली सप्लाई बहाल हो पाई। रायवाला के किसान हेम रणाकोटी का कहना है कि तेज हवा के साथ बारिश से गेंहू की फसल गिरने से किसानों को काफी नुकसान हुआ है। ग्रामीण इलाके में गेहूं की फसल काटने का कार्य शुरू हो गया है। ऐसे में बारिश से नुकसान हो रहा है। उधर बारिश के कारण शहर में कुछ स्थानों पर जलभराव हो गया। इससे स्कूली छात्रों को परेशानी हुई।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



