बाल-बाल बचा अमीरात का विमान! Kolkata Airport पर बिजली गिरने से 2 कर्मचारी गंभीर रूप से घायल

Summary :

Sky Lightning at kolkata Airport: कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक गंभीर हादसा सामने आया है। रनवे पर काम कर रहे दो ग्राउंड स्टाफ कर्मचारी अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब अमीरात एयरलाइंस की एक उड़ान एयरपोर्ट पर उतर चुकी थी। विमान के पहुंचने के बाद दोनों कर्मचारी यात्रियों का सामान विमान से नीचे उतारने का काम कर रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब…

Sky Lightning at kolkata Airport: कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक गंभीर हादसा सामने आया है। रनवे पर काम कर रहे दो ग्राउंड स्टाफ कर्मचारी अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब अमीरात एयरलाइंस की एक उड़ान एयरपोर्ट पर उतर चुकी थी। विमान के पहुंचने के बाद दोनों कर्मचारी यात्रियों का सामान विमान से नीचे उतारने का काम कर रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ बिजली गिर गई।

Kolkata Airport News: तुरंत अस्पताल पहुंचाए गए घायल कर्मचारी

(credit S-M)
(credit S-M)

बिजली गिरने के बाद दोनों कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। एयरपोर्ट पर मौजूद अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। घायलों को बिना देरी किए नजदीकी चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं। फिलहाल दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Kolkata 2 Ground Staff Burned News: मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

इस घटना के बीच मौसम विभाग ने भी दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में खराब मौसम की चेतावनी दी है। अलीपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के 10 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भारी बारिश के साथ तेज गरज और वज्रपात की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार शनिवार और रविवार को बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है। इसके अलावा अगले सप्ताह मंगलवार तक लगातार बारिश होने की संभावना जताई गई है।

लगातार बारिश से बढ़ी लोगों की परेशानी

(credit S-M)
(credit S-M)

पिछले कुछ दिनों से हो रही रुक-रुक कर बारिश ने कोलकाता के कई इलाकों में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शहर के कई निचले क्षेत्रों में पानी भरने लगा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

कई सड़कों पर जलभराव होने के कारण वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। कुछ स्थानों पर लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

अलर्ट मोड पर नगर निगम

बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए कोलकाता नगर निगम पूरी तरह सक्रिय हो गया है। निगम मुख्यालय में एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से पूरे शहर की निगरानी की जा रही है।

सभी ड्रेनेज पंपिंग स्टेशनों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारी सीसीटीवी कैमरों और जमीनी रिपोर्ट के जरिए विभिन्न इलाकों की स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी क्षेत्र में पानी जमा होने की समस्या का जल्द समाधान किया जा सके।

प्रशासन ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और बिजली कड़कने के समय सुरक्षित जगह पर रहने की सलाह दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम में बदलाव को देखते हुए नागरिक सावधानी बरतें और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।

यह भी पढ़ें: TMC नेता जहांगीर खान की गिरफ्तारी के बाद समर्थकों का बवाल! थाने पर बोला धावा, लाठीचार्ज के बाद नदी में कूदकर भागी भीड

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।