कोलंबिया में शनिवार को एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने पर उसमें सवार सभी 12 यात्रियों की मौत हो गई। विमानन और आपातकाल सेवाओं ने यह जानकारी दी। अमेरिका निर्मित डगलस डीसी-3 विमान सैन जोस डेल ग्वावीयरे और विलाविसेंसियो के बीच देश के मध्य-पूर्व में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
इस श्रेणी के विमान का सबसे पहले निर्माण 1930 के दशक में किया गया था। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि विमान में आग लग गई। एयरोनॉटिका सिविल विमानन प्राधिकरण ने कहा, ”दुर्भाग्यवश… कोई जीवित नहीं बचा।”
इसका मलबा विलाविसेंसियो के निकट मिला। मृतकों में तारायरा की मेयर डोरिस विलेगास, उनके पति और बेटी भी शामिल हैं। इस हादसे में विमान के मालिक, पायलट जैमी कार्रिल्लो, सह पायलट जैमी हेरारा और एक विमानन तकनीकविद एलेक्स मोरेनो की भी मौत हो गई।
राष्ट्रपति इवान डुक्वे ने पीड़ितों को ट्विटर के जरिए श्रद्धांजलि दी और कहा, ‘‘मेरी संवेदनाएं परिवारों के साथ हैं।’’ नागरिक सुरक्षा आपात सेवा के अनुसार हादसे में 12 लोगों की मौत हुई है। निदेशक कर्नल जोर्ज मार्टिनेज ने कहा कि हादसा संभवत: इंजन खराब होने के कारण हुआ। दूसरी ओर एयरोनॉटिका सिविल ने हादसे के कारण के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी और मीडिया से सोशल मीडिया पर मौजूद तस्वीरों को दिखाने में संयम बरतने की अपील की।


Download Android App
Download iOS App




