रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अगली बार भी राष्ट्रपति चुनाव की रेस में शामिल होंगे। ब्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को घोषणा में कहा कि वे 2018 में एक और राष्ट्रपति कार्यकाल के लिए चुनाव लड़ेंगे।
पुतिन का कार्यकाल 7 मई 2018 को खत्म हो रहा है, अगर वह चुनाव जीते तो रुस के राष्ट्रपति के रूप में उनका चौथा कार्यकाल होगा। यह घोषणा उन्होंने रूस के शहर निझनी नोवगोरोड में ऑटोमोबाइल प्लांट जीएजेड के कर्मचारियों के साथ एक मुलाकात के दौरान की। अगर पुतिन की जीत होती है तो 6 साल यानी 2018 से 2024 के लिए वे रूस के राष्ट्रपति होंगे।
पुतिन वर्ष 2000 से ही कभी राष्ट्रपति तो कभी प्रधानमंत्री के रूप में सत्ता में बने हुए हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पुतिन पहली बार वर्ष 2000 में रूस के राष्ट्रपति चुने गए थे और 2004 में दोबारा निर्वाचित हुए। 2008 से 2012 तक उन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में रूस की सेवा की। 2012 में वह फिर से राष्ट्रपति चुने गए। कई लोगों ने आधिकारिक तौर पर 2018 की राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल होने की बात कही है।
इसमें रूस की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता व्लादिमीर झिरोनोवस्की, लिबरल याब्लोको पार्टी के संस्थापक ग्रिगोरी यवलिन्स्की और रूसी कम्युनिस्ट पार्टी के प्रमुख मैक्सिम सुराइकिन शामिल हैं। गौरतलब है कि इस संबंध में संसद का ऊपरी सदन फेडरेशन काउंसिल 8 और 15 दिसंबर के बीच आधिकारिक घोषणा करेगा।
लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



