जापान में एक एनिमेशन प्रोडक्शन कंपनी में बृहस्पतिवार को संदिग्ध आगजनी में 24 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग जख्मी हो गए। क्योटो शहर में स्थित इमारत जलकर राख हो गई। पुलिस ने बताया कि ऐसा लग रहा है कि जानबूझकर आग लगाई गई लेकिन अभी इसके पीछे के मकसद के बारे में कोई सूचना नहीं मिली है। आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
अधिकारियों ने कहा कि उन्हें लगता है कि कई और लोग आग से बचने में नाकाम रहे। अधिकारियों ने बताया कि घटना में 35 लोग झुलस गए हैं जिनमें से 10 की हालत गंभीर है। स्थानीय मीडिया ने बताया कि घटना के वक्त इमारत में करीब 70 लोग मौजूद थे। दमकल विभाग के प्रवक्ता ने बताया, ‘‘बचाव अभियान चल रहा है और हम अंदर फंसे पीड़ितों को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं।’’
पुलिस ने बताया कि वे आग लगने के कारण का पता लगा रहे हैं लेकिन यह एक संदिग्ध आगजनी लग रही है। क्योटो के प्रांतीय पुलिस प्रवक्ता ने बताया, ‘‘एक व्यक्ति ने कुछ तरल पदार्थ फेंका और आग लगा दी।’’ सरकारी प्रसारक एनएचके ने बताया कि व्यक्ति को घटना के संबंध में हिरासत में ले लिया गया और बाद में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।


Download Android App
Download iOS App



