नाइजीरिया के कादुना प्रांत में अज्ञात बंदूकधारियों ने हमले कर एक पुलिसकर्मी समेत 29 लोगों की हत्या कर दी। कादुना के पुलिस प्रमुख अहमद अब्दुर रहमान ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा कि अज्ञात बंदूकधारियों ने काजुरु इलाके के चार गांवों पर हमला कर 29 लोगों को मार गिराया तथा 40 मकानों को आग लगा दी। हमले में दो पुलिसकर्मी घायल भी हुए हैं। पुलिस प्रमुख ने बताया कि बंदूकधारियों ने गांव-गांव जाकर मकानों को जला दिया और लोगों की हत्या कर दी।
श्री अब्दुर रहमान ने कहा, ‘‘इस तरह के बर्बर हत्याकांड को बंद होना ही चाहिए। कानून प्रवर्तन एजेंसियां इस तरह के हमले बर्दाश्त नहीं करेंगी।’’ उन्होंने कहा कि इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के बाद स्थिति नियंत्रण में आयी है। कादुना सरकार ने मंगलवार को बयान जारी कर हमलों की पुष्टि की थी। उसने बताया था कि सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नियंत्रण के लिए काम कर रही हैं। गौरतलब है कि कादुना में इस माह में यह दूसरा बड़ हमला है। अज्ञात बंदूकधारियों ने काजुरु में 15 फरवरी को आठ गांवों को निशाना बनाया था जिसमें 130 से अधिक लोग मारे गये थे।


Download Android App
Download iOS App


