बीजिंग : दक्षिण पश्चिम चीन के सिचुआन प्रांत में 5.6 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। इसी इलाके में एक सप्ताह पहले आये भूकंप में 31 लोग घायल हुए थे। दक्षिण पश्चिम चीन के सिचुआन प्रांत में सोमवार को आये भूकंप से यिबिन शहर की गोंगशियान काउंटी थर्रा उठी।
भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10 बजकर 17 मिनट पर आठ किलोमीटर की गहरायी में आया। चीन भूकंप नेटवर्क केंद्र (सीईएनसी) के अनुसार भूकंप का केंद्र 28.41 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 104.74 डिग्री पूर्वी देशांतर में देखा गया। गोंगक्वान इलाके में आवासीय समुदाय के पार्टी प्रमुख डिआओ पिंग ने सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ को बताया कि भूकंप में अब तक कोई भवन ढहा नहीं है।
डिआओ ने कहा कि भूकंप के बाद छोटी तीव्रता के भूकंप के दो झटके महसूस किये गये। रिपोर्ट के अनुसार स्थानीय अधिकारी भूकंप में हताहतों की संख्या और इससे हुई क्षति की जांच कर रहे हैं। दक्षिण पश्चिम प्रांत के गोंगशियान काउंटी में 23 जून को 5.4 तीव्रता के भूकंप की वजह से 31 लोग घायल हो गये थे।


Download Android App
Download iOS App



