बीजिंग, 5 नवंबर (आईएएनएस)। छठे अंतर्राष्ट्रीय ताओ धर्म फोरम का उद्घाटन गुरुवार को चीन के चच्यांग प्रांत की राजधानी हांगचो में हुआ। इस मौके पर चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) की केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो की स्थायी समिति के सदस्य और चीनी जन राजनीतिक परामर्श सम्मेलन के अध्यक्ष वांग हुनिंग ने बधाई संदेश भेजा। उन्होंने फोरम के आयोजन पर खुशी जताते हुए इसमें शामिल सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया।
अपने संदेश में वांग हुनिंग ने कहा कि ताओ धर्म का जन्म चीन की धरती पर हुआ और इसमें चीनी सभ्यता का गहरा ज्ञान समाहित है। ताओ धर्म की संस्कृति में निहित सकारात्मक और परोपकारी मूल्य सामाजिक सद्भाव और विश्व शांति को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण सांस्कृतिक आधार प्रदान करते हैं। इन मूल्यों को दुनिया भर में व्यापक मान्यता भी मिली है।
उन्होंने आगे कहा कि चीनी सरकार राष्ट्रपति शी चिनफिंग की ओर से प्रस्तावित वैश्विक विकास पहल, वैश्विक सुरक्षा पहल, वैश्विक सभ्यता पहल और वैश्विक शासन पहल को लगातार आगे बढ़ा रही है। साथ ही, स्वतंत्रता, समानता, मित्रता और आपसी सम्मान के आधार पर चीनी ताओ धर्म समुदाय के अंतर्राष्ट्रीय संवाद और आदान-प्रदान को भी समर्थन दे रही है।
उन्होंने बताया कि चीनी सरकार के सहयोग से अब तक पांच अंतर्राष्ट्रीय ताओ धर्म फोरम सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं, जिनका देश-विदेश में व्यापक प्रभाव पड़ा है। खास तौर पर, 2023 में विश्व ताओ धर्म संघ की स्थापना के बाद से अंतर्राष्ट्रीय आदान-प्रदान, धार्मिक ग्रंथों के अनुवाद और प्रतिभाओं के प्रशिक्षण जैसे क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण काम किए गए हैं। इससे ताओ धर्म की संस्कृति को आगे बढ़ाने और चीन तथा अन्य देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को नई गति मिली है।
इस बीच, सीपीसी केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य और केंद्रीय संयुक्त मोर्चा कार्य विभाग के प्रमुख ली कानच्ये ने उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया और संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि ताओ धर्म की संस्कृति में चीनी सभ्यता का विशिष्ट ब्रह्मांड दृष्टिकोण, जीवन दर्शन और नैतिक मूल्य समाहित हैं। इसका पूरी दुनिया के लिए विशेष महत्व है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि चीन और अन्य देशों के ताओ धर्म समुदाय ताओ धर्म की मूल शिक्षाओं और विचारों को बेहतर ढंग से दुनिया के सामने रखेंगे तथा विभिन्न सभ्यताओं के बीच शांतिपूर्ण सहअस्तित्व और साझा समृद्धि को बढ़ावा देंगे।
गौरतलब है कि छठे अंतर्राष्ट्रीय ताओ धर्म फोरम का आयोजन विश्व ताओ धर्म संघ और चीनी धार्मिक संस्कृति आदान-प्रदान संघ ने किया है, जबकि इसके आयोजन की जिम्मेदारी छठे अंतर्राष्ट्रीय ताओ धर्म फोरम की चच्यांग आयोजन समिति ने संभाली है। इस फोरम में 46 देशों और क्षेत्रों से आए ताओ धर्म समुदाय के प्रतिनिधियों, विशेषज्ञों और विद्वानों समेत करीब 500 लोग हिस्सा ले रहे हैं।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
–आईएएनएस
एबीएम/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



