फिलीपींस के मिंडानाओ द्वीप के डावाओ ओरिएंटल प्रांत में शनिवार को 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके बाद प्रशासन को सुनामी की चेतावनी जारी करनी पड़ी। हालांकि बाद में यह चेतावनी हटा दी गई। फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। फिलीपीन इंस्टीट्यूट ऑफ वोल्केनोलॉजी एंड सेस्मोलॉजी (फिवोक्स) ने पहले कहा कि भूकंप की तीव्रता 7.1 थी।
बाद में संशोधित समाचार में फिवोक्स ने कहा कि फिलीपींस के समयानुसार पूर्वान्ह 11.39 बजे आए भूकंप की तीव्रता 7.2 थी। इसका केंद्र डावाओ ओरिएंटल के गवर्नर जेनेरोसा शहर से 170 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में 54 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। फिवोक्स ने एक बयान में कहा कि समुद्र तल पर हुए न्यूनतम अवरोध का ज्यादातर प्रभाव गुजर गया है और इसलिए एजेंसी भूकंप के बाद जारी की गई सुनामी की चेतावनी वापस लेती है।
पैसिफिक सुनामी वार्निग सेंटर ने भी अपनी चेतावनी वापस ले ली और कहा कि आगामी कुछ घंटों में भूकंप के निकट के तटीय इलाकों में मामूली समुद्र तलीय अस्थिरता देखी जा सकती है। फिवोक्स के अनुसार, भूकंप के बाद लगभग 10 झटके आए, जिनमें सर्वाधिक शक्तिशाली झटके की तीव्रता 3.9 थी।
डावाओ नगर के निवासी फ्रिंस्टन लिम ने समाचार एजेंसी सिन्हुआ से कहा कि मिंडानाओ के सबसे बड़े शहर डावाओ के लोगों ने झटके को महसूस किया। उन्होंने कहा, ‘कर्मी अपने कार्यालयों से बाहर निकल आए।’ फिवोक्स ने हालांकि सुनामी की चेतावनी वापस ले ली है, लेकिन उसने अभी भी दक्षिण फिलीपींस के लोगों से तटीय क्षेत्रों से दूर रहने के लिए कहा है। फिलीपींस के राष्ट्रपति के प्रवक्ता सल्वाडोर पनेलो ने कहा, ‘हम सभी लोगों से सतर्क रहने और सबकी सुरक्षा के लिए हमारा सहयोग करने के लिए कहते हैं।’ फिलीपींस में सामान्य से शक्तिशाली भूकंप के झटके असामान्य घटना नहीं हैं।


Download Android App
Download iOS App



