अडाणी समूह की कंपनी अडाणी पावर लिमिटेड (एपीएल) ने एक बयान में कहा कि झारखंड के गोड्डा में 800 मेगावाट क्षमता की पहली ताप-विद्युत इकाई से उत्पादन शुरू हो गया है। अडाणी पावर ने रविवार को कहा कि उसने झारखंड के गोड्डा स्थित अपने बिजली उत्पादन संयंत्र से बांग्लादेश को बिजली की आपूर्ति करनी शुरू कर दी है। इस संयंत्र से पैदा होने वाली 748 मेगावाट बिजली कंपनी समझौते के अनुरूप बांग्लादेश को भेजी जा रही है। कंपनी ने कहा कि गोड्डा संयंत्र से बिजली आपूर्ति बांग्लादेश को किए जाने से पड़ोसी देश में बिजली की स्थिति सुधरेगी क्योंकि इससे वहां खरीदी जाने वाली बिजली की औसत लागत में कमी आएगी।

बिजली की खरीद का समझौता किया था
अडाणी पावर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एस बी ख्यालिया ने कहा, गोड्डा बिजली संयंत्र भारत और बांग्लादेश के दीर्घकालिक संबंधों में एक रणनीतिक स्थान रखता है। नवंबर 2017 में अडाणी पावर की अनुषंगी इकाई अडाणी पावर झारखंड लिमिटेड के साथ बांग्लादेश पावर डेवलपमेंट बोर्ड ने 1,496 मेगावाट बिजली की खरीद का समझौता किया था। इस समझौते के तहत गोड्डा में 800-800 मेगावाट क्षमता की दो परियोजनाएं स्थापित की जानी थीं।
इस तरह का पहला बिजली संयंत्र है
अडाणी पावर ने कहा कि गोड्डा संयंत्र की पहली इकाई ने उत्पादन शुरू होने के पहले दिन से ही पूरी क्षमता से काम करना शुरू कर दिया है। यह देश में इस तरह का पहला बिजली संयंत्र है। कंपनी ने कहा कि इस संयंत्र की 800 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी इकाई के भी जल्द उत्पादन शुरू करने की उम्मीद है।


Download Android App
Download iOS App



