वाशिंगटन : अमेरिका ने उत्तर कोरिया में अपने चौथे नागरिक की गिरफ्तारी के बाद उत्तर कोरिया की यात्रा करने के बारे में अपने नागरिकों को सख्त चेतावनी जारी की है।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा कि उस देश में अमेरिकी नागरिकों पर गिरफ्तारी का गंभीर खतरा है और उन्हें कानून प्रवर्तन प्रणाली के तहत लंबे समय की हिरासत में लिया जा सकता है।
इसमें कहा गया है, ”यह कानून प्रवर्तन प्रणाली लोगों की उन गतिविधियों पर अनावश्यक रूप से कठोर सजा देती है, जिन्हें अमेरिका में अपराध नहीं माना जाता। साथ ही यह प्रणाली अमेरिकी नागरिकों के साथ डीपीआरके के युद्धकाल के कानून के अनुसार व्यवहार करती है।
उल्लेखनीय है कि आधिकारिक केसीएनए समाचार एजेंसी ने बताया कि अमेरिकी नागरिक किम हाक सांग को ‘शत्रुतापूर्ण कार्रवाई’ के लिये हिरासत में लिया गया है। समाचार एजेंसी ने बताया कि वह व्यक्ति प्योंगयांग विश्वविद्यालय के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (पीयूएसटी) में काम करता था।
पिछले 10 साल के दौरान उत्तर कोरिया में कम से कम 16 अमेरिकी नागरिकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में बताया कि उत्तर कोरिया के अधिकारियों ने अकेले वहां की यात्रा करने वालों और संगठित टूर में वहां जाने वालों को हिरासत में लिया है।
– भाषा


Download Android App
Download iOS App



