दमिश्क: सीरिया के उत्तरी प्रांत दीर अल जोर में अमेरिका के नेतृत्व वाले गठबंधन बलों के हमले में कम से कम 35 लोगों की मौत हो गयी। ब्रिटेन के मानवाधिकार संगठन ‘सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूुमन राइट्स’ ने बताया कि प्रांत के मायादीन शहर में इस्लामिक स्टेट (आईएस) के कब्जे वाले क्षेत्रों में किए गये हवाई हमलों में कम से कम 35 लोग मारे गये। इससे एक दिन पहले संगठन ने बताया था कि आईएस के गढ़ उत्तरी शहर रक्का में अमेरिका के नेतृत्व वाले हमलों में 16 लोग मारे गये हैं।
इन हमलों के कुछ ही घंटों पहले रक्का के ग्रामीण इलाके में एक खदान में विस्फोट हो जाने से 15 लोग मारे गये थे। रक्का और दीर अल जोर अमेरिका के नेतृत्व वाले गठबंधन बलों के निशाने पर रहे हैं। अमेरिका रक्का के ग्रामीण इलाकों और दीर अल जोर के पास के क्षेत्रों में आईएस से लड़ाई में कुर्द लड़ाकों के नेतृत्व वाले सीरियन डेमोक्रेटिक फोर्स को समर्थन दे रहा है। इन दिनों अमेरिका नीत हमले तेज किए जाने के कारण आतंकवादियों के साथ बड़ी संख्या में आम लोग भी मारे जा रहे हैं।
– वार्ता


Download Android App
Download iOS App



