इस्लामाबाद : कोरोना वायरस से खतरे के मद्देनजर पाकिस्तान में शुक्रवार को सभी शैक्षणिक संस्थानों को पांच अप्रैल तक बंद रखने का आदेश दिया गया है। दुनियाभर में इस वायरस के संक्रमण से 5,000 से अधिक मौतें हो चुकी हैं। प्रधानमंत्री इमरान खान की अध्यक्षता में हुई राष्ट्रीय सुरक्षा समिति (एनएससी) की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में प्रमुख मंत्री, सेना के तीनों अंगों के प्रमुख और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
संघीय शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण मंत्री शफाकत मुहम्मद ने ट्वीट कर कहा कि देश के सभी शैक्षिक संस्थानों को पांच अप्रैल तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इनमें सभी स्कूल और विश्वविद्यालय, सरकारी व निजी और व्यावसायिक संस्थान व मदरसे शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि शैक्षिक संस्थानों को बंद करने के फैसले की शिक्षा मंत्रालय द्वारा 27 मार्च को समीक्षा भी की जाएगी। इससे पहले खैबर पख्तूनख्वा प्रांत प्रशासन ने सभी शैक्षिक संस्थानों को 15 दिनों तक बंद रखने का फैसला किया था। गौरतलब है कि पाकिस्तान में अभी तक कोरोना वायरस संक्रमण से किसी की मौत की जानकारी सामने नहीं आई है।कराची में कोविड-19 से संक्रमित एक मरीज को संक्रमण ठीक होने के बाद पिछले हफ्ते शनिवार को घर जाने की इजाजत दे दी गई थी।


Download Android App
Download iOS App



