अमेरिकी रक्षा मंत्री मार्क एस्पर ने सऊदी अरब में अतिरिक्त सैन्य बलों की तैनाती को अधिकृत कर दिया है, ताकि देश की रक्षा को बढ़ाया जा सके। सूत्रों के मुताबिक, पेंटागन ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, नवीनतम रक्षा सुदृढ़ीकरण में दो फाइटर स्क्वाड्रन, एक एयर एक्सपीडिशनरी विंग (एईडब्ल्यू), दो पैट्रियॉट बैटरी और एक टर्मिनल हाई आल्टीट्यूड एरिया डिफेंस सिस्टम (टीएचएएडी) शामिल हैं।
बयान में कहा गया है कि पेंटागन प्रमुख ने शुक्रवार को सऊदी क्राउन प्रिंस और रक्षा मंत्री मोहम्मद बिन सलमान को सेना में नई तैनाती के बारे में सूचित किया था, जिसका मकसद सऊदी अरब की रक्षा सुनिश्चित करना और बढ़ाना है। बयान में तैनाती किए जाने वाले सैनिकों की सटीक संख्या का कोई जिक्र नहीं किया गया था।
वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों का हवाला देते हुए, अमेरिकी मीडिया ने शुक्रवार को अधिकृत सैनिकों की संख्या 1,800 के आसपास होने की जानकारी दी। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव हाल के महीनों में बढ़ा है, जो क्षेत्र को सैन्य संघर्षों की ओर धकेल रहा है। वॉशिंगटन ने पिछले महीने पूर्वी सऊदी अरब में तेल संयंत्रों पर ड्रोन हमलों के लिए तेहरान को जिम्मेदार ठहराया जबिक तेहरान ने इस आरोप को सिरे से नकार दिया।


Download Android App
Download iOS App



