अमेरिका ने कहा कि वह पाकिस्तान में स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और जवाबदेह चुनावों का समर्थन करता है। पाकिस्तान में 25 जुलाई को आम चुनाव होना है। अमेरिका ने यह भी उम्मीद जताई चुनाव सुधार कानून, 2017 को आम चुनावों में लागू किया जाएगा। इससे लोकतांत्रिक तरीके से निर्वाचित सरकार को शांतिपूर्ण तरीके से सत्ता का हस्तांतरण हो सकेगा।
अमेरिका के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हीथर नोर्ट ने अपने संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा, ”अमेरिका पाकिस्तान में स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और जवाबदेह चुनावों का समर्थन करता है जैसा कि हम अन्य देशों में करते हैं।” उन्होंने कहा कि अमेरिका अपने अन्य अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों के साथ पाकिस्तान द्वारा ऐतिहासिक चुनाव सुधार कानून, 2017 को लागू करने का समर्थन करता है।
हीथर ने कहा, ”मेरी समझ से पहली बार यह कानून वास्तव में इस चुनाव में लागू होगा। हम उम्मीद करते हैं कि लोकतांत्रिक तरीके से निर्वाचित सरकार को सत्ता के शांतिपूर्ण हस्तांतरण में इस नए व्यापक और पारदर्शी कानूनी ढांचे से सुविधा मिलेगी।” एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि अमेरिका कोई पर्यवेक्षक वहां भेज रहा है या नहीं।
उन्होंने कहा, ”हम पर्यवेक्षकों के रूप में भाग लेने वाले अंतर्राष्ट्रीय संगठनों का समर्थन करते हैं।” पाकिस्तान में इस सप्ताह की शुरूआत में चुनावों की घोषणा हुयी है। माना जा रहा है कि सत्तारूढ़ पार्टी को क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक – ए – इंसाफ (पीटीआई) से कड़ी चुनौती मिलेगी।
अधिक जानकारियों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



