अमेरिकी कंपनी नॉर्डस्ट्रॉम ने पगड़ियों से जुड़े अपने विज्ञापन को लेकर सिख समुदाय से माफी मांगी है। हालांकि अमेरिका में सिख समुदाय के नागरिक अधिकार संगठन के एक शीर्ष प्रतिनिधि ने शनिवार को कहा कि वह अब भी इन पगड़ियों को तैयार करने वाली कंपनी ‘गुच्ची’ की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं।
न्यूयार्क स्थित एक सिख संगठन के पदाधिकारी सिमरन जीत सिंह ने कहा कि दुनियाभर में लोगों को प्रिय और पवित्र वस्तुओं को कंपनियां उपभोग वस्तुओं के रूप में पेश कर पैसा बना रही हैं। उन्होंने कहा कि पगड़ी उनके समुदाय के लोगों के लिए गहरी आस्था का विषय है।
गौरतलब है कि नॉर्डस्ट्रॉम की वेबसाइट पर बुधवार को पगड़ी का एक विज्ञापन दिया गया था। इसके विवरण में लिखा था, “शानदार ढंग से तैयार पगड़ी सिर पर सजने के लिये तैयार है। यह आपको आराम प्रदान करेगी।”
हालांकि शनिवार को नॉर्डस्ट्रॉम वेबसाइट पर यह बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं थी। बिना चित्र के इसे सॉल्ड ऑउट (बिक चुकी) के वर्ग में पेश करते हुए वेबसाइट पर इसका विवरण गुच्ची के ‘सिर ढंकने वाली’ चीज के तौर पर दिया गया था।
इस विज्ञापन पर सिख समुदाय ने आपत्ति जताई थी, जिसके बाद नॉर्डस्ट्रॉम ने माफी मांगी है। नॉर्डस्ट्रॉम ने ट्वीट किया,’हमने इस उत्पाद को रोकने का फैसला किया है और इसे साइट से हटा दिया है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रतीकों का अपमान करना हमारी नीयत नहीं थी। हम इससे आहत हुए हर व्यक्ति से माफी मांगते हैं।”


Download Android App
Download iOS App



