गलत समय पर बयानबाजी से कांग्रेस को नुकसान पहुंचा रहे सिद्धू : अमरिंदर सिंह

Summary :

अमरिंदर ने कहा कि सिद्धू के खिलाफ कोई भी फैसला लेना हाईकमान पर है, लेकिन कांग्रेस पार्टी के तौर पर अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं करती।

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने रविवार को राज्य में कांग्रेस नेतृत्व और उनके खिलाफ गलत समय पर बयानबाजी कर पार्टी को नुकसान पहुंचाने को लेकर अपने मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की आलोचना की। मुख्यमंत्री ने अपने परिवार सहित वोट डालने के लिए पटियाला रवाना होने से पहले कहा कि अगर वह एक सच्चे कांग्रेसी होते तो पंजाब में चुनाव से तुरंत पहले अपनी नाराजगी जाहिर करने की जगह और कोई बेहतर समय चुनते।

उनकी पत्नी और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रणीत कौर कांग्रेस के टिकट पर पटियाला लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं और अमरिंदर सिंह ने विश्वास जताया कि उनकी पार्टी केवल यही सीट नहीं, बल्कि राज्य की सभी 13 सीटें जीतेगी। सिद्धू ने हाल ही में विवादास्पद और विद्रोहात्मक टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री पर उनकी पत्नी नवजोत कौर को चंडीगढ़ से टिकट न दिए जाने के लिए जिम्मेदार ठहराया था।

sidhu

अकालियों की लोकसभा चुनाव में हार तय : अमरिंदर

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनका चुनाव नहीं है, बल्कि पूरी कांग्रेस का चुनाव है। अमरिंदर ने कहा कि सिद्धू के खिलाफ कोई भी फैसला लेना हाईकमान पर है, लेकिन कांग्रेस पार्टी के तौर पर अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं करती। उन्होंने कहा कि उनका सिद्धू से कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं है, जिन्हें वह तब से जानते हैं, जब वह बच्चे थे।

अमरिंदर ने एक सवाल के जवाब में कहा कि शायद वह महत्वाकांक्षी हैं और मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने ऐसी अड़चनों के बावजूद राज्य की सभी 13 सीटों पर कांग्रेस की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें सभी निर्वाचन क्षेत्रों से बेहद सकारात्मक रिपोर्ट मिल रही है और कांग्रेसियों ने पहले ही जश्न मनाना शुरू कर दिया है, जो कि उनके आत्मविश्वास को दर्शाता है।

Desk Team