मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन के बीच सिंगापुर में होने वाली ऐतिहासिक बैठक की तैयारी के लिए अमेरिकी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। सीएनएन के मुताबिक, यह फैसला मूलभूत रूप से ट्रंप का है।
वह इस बैठक के लिए समय और स्थान का ऐलान करेंगे। ट्रंप ने बुधवार को व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से बात करते हुए सैन्यीकृत क्षेत्र (डीएमजैड) में किम जोंग के साथ इस वार्ता की अटकलों को खारिज कर दिया। यह क्षेत्र उत्तर कोरिया को दक्षिण कोरिया से अलग करता है।
ट्रंप की किम जोंग से मुलाकात के लिए सिंगापुर और डीएमजैड को दो संभावित स्थानों के रूप में देखा जा रहा था। अमेरिकी अधिकारियों के बीच सिंगापुर सबसे पसंदीदा स्थान रहा है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव सारा सैंडर्स ने बुधवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान पुष्टि की कि बैठक के लिए समय और स्थान निर्धारित कर लिए गए हैं।
सैंडर्स ने कहा, ‘मैं आपको यह बताना चाहती हूं कि बैठक के लिए तारीख और स्थान का निर्धारण कर लिया गया है लेकिन इसके अलावा मैं आपको कोई जानकारी नहीं दे सकती।’ उन्होंने कहा, ‘लेकिन हमें उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में इसकी घोषणा कर दी जाएगी।’ सीएनएन के मुताबिक, किम जोंग और ट्रंप के बीच यह पहली बैठक होगी। सिंगापुर को एशिया और पश्चिम के बीच एक गेटवे के तौर पर देखा जाता रहा है और यह अमेरिका का निकट सहयोगी है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App


